धार्मिक कार्यक्रम में गई किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार

3

 

मंदिर के पास सुनसान जगह पर वारदात का आरोप, धमकी देकर चुप कराने की कोशिश; पुलिस ने चंद घंटों में तीन आरोपित दबोचे, चौथे की तलाश जारी

हरिद्वार। जिले में लक्सर क्षेत्र के एक गांव से धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गई नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आरोप है कि एक युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर धार्मिक स्थल के पास सुनसान जगह पर ले गया और वहां अपने तीन साथियों को भी बुला लिया। चारों पर किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना के बाद आरोपितों ने किशोरी को किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और पीड़िता के स्वजन की तहरीर पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने ताबड़तोड़ दबिश देते हुए कुछ ही घंटों के भीतर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। चौथा आरोपित अभी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

धार्मिक आयोजन में गई थी किशोरी
पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में धार्मिक स्थल पर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। गांव के अन्य लोगों के साथ नाबालिग किशोरी भी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थी। इसी दौरान आरोप है कि एक युवक ने उसे बहला- फुसलाकर अपने साथ धार्मिक स्थल के बराबर में स्थित सुनसान स्थान पर ले गया।आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद युवक ने अपने तीन साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद चारों ने मिलकर किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपितों ने किशोरी को धमकाया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद किशोरी किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंची। डरी-सहमी किशोरी ने स्वजन को पूरी घटना बताई। बेटी की आपबीती सुनकर परिवार के लोग उसे लेकर तत्काल लक्सर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी।

कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में एसएसआई नितिन चौहान और महिला उपनिरीक्षक प्रियंका नेगी की टीम ने आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में अनिल सैनी, शुभम सैनी और साहिल को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब मामले में फरार चौथे आरोपित की तलाश में जुटी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।