बारिश में भी नहीं थमे कदम: मुख्यमंत्री आवास कूच में बोहरा ने समर्थकों संग बुलंद की न्याय की आवाज

5

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में सोमवार को सामाजिक न्याय, सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़क पर नजर आया। मुख्यमंत्री आवास कूच में सुमेन्द्र सिंह बोहरा एवं उनकी टीम ने दमदार उपस्थिति दर्ज कराते हुए सरकार के समक्ष विभिन्न मुद्दों पर जवाबदेही और कार्रवाई की मांग बुलंद की। मूसलाधार बारिश के बीच भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कदम नहीं रुके। बारिश को दरकिनार कर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास कूच में शामिल हुए और हाथों में झंडे तथा नारों के साथ अपनी आवाज मजबूती से उठाई। पूरे प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश और एकजुटता दिखाई दी।

प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ की गई कथित जातिवादी टिप्पणी को लेकर तीखा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान समानता और सामाजिक सम्मान की गारंटी देता है। ऐसे में किसी भी सार्वजनिक व्यक्ति के खिलाफ जाति आधारित टिप्पणी अथवा अपमानजनक व्यवहार को सामान्य नहीं माना जा सकता। कांग्रेस ने मांग की कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली घटनाओं पर सरकार अपनी स्थिति स्पष्ट करे।

हल्द्वानी के ‘शुद्धिकरण’ को लेकर भी उठे सवाल
मुख्यमंत्री आवास कूच में हल्द्वानी के कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने सवाल खड़ा किया कि लोकतांत्रिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के बाद किसी स्थान को ‘शुद्ध’ किए जाने जैसी कथित घटनाएं समाज में किस प्रकार का संदेश देती हैं। नेताओं ने इसे सामाजिक समानता और आपसी भाईचारे की भावना के संदर्भ में गंभीर विषय बताते हुए पूरे मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।

इस दौरान “अस्तित्व टाइम्स” से बात करते हुए सुमेंद्र बोहरा सुशांत ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका सरकार से सवाल पूछना और जनता की आवाज उठाना है। यदि विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों पर FIR और कार्रवाई का रास्ता अपनाया जाता है, तो यह लोकतांत्रिक संवाद के लिए गंभीर चिंता का विषय बन सकता है। मुख्यमंत्री आवास कूच में सुमेन्द्र सिंह बोहरा की अगुवाई में पहुंचे समर्थकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बोहरा एवं उनकी टीम ने बारिश के बीच कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रदर्शन में भाग लिया और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया। जिससे से स्पष्ट संदेश गया कि जनता के अधिकारों, सामाजिक सम्मान और समानता के सवाल पर कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे हटने वाले नहीं हैं।

बोहरा ने कहा कि सामाजिक न्याय केवल राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि संविधान की मूल भावना है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों और सामाजिक सम्मान के सवालों पर कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आवाज उठाना हर नागरिक का अधिकार है और इस अधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती से मैदान में रहेंगे।