रायपुर से राजेश शर्मा की दमदार दावेदारी; संगठनात्मक अनुभव और जनसेवा के 20 साल बन रहे टिकट का मज़बूत आधार 

Astitva Times Desk
7 Min Read

त्रिवेंद्र सिंह रावत के करीबी नेताओं में होती है गिनती, 2007 से भाजपा संगठन के प्रति समर्पित; कोविड काल में 100 वार्डों तक सस्ती सब्जियां पहुंचाईं, 38 दिनों तक चलाया मोदी किचन

देहरादून। पूरे प्रदेश के साथ ही राजधानी देहरादून के रायपुर विधानसभा क्षेत्र में भी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश शर्मा ने रायपुर विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश कर राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है। करीब दो दशक से पार्टी संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य कर रहे राजेश कुमार शर्मा की पहचान एक ऐसे नेता के रूप में रही है, जिन्होंने संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ-साथ संकट के समय जनसेवा को भी प्राथमिकता दी है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के करीबी लोगों में उनकी गिनती होती है।

राजेश शर्मा पिछले दो दशक से भी अधिक समय से लगातार भारतीय जनता पार्टी के लिए समर्पित होकर काम कर रहे हैं। लंबे समय से संगठन से जुड़े रहने के चलते उन्हें पार्टी की कार्यप्रणाली और कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं का गहरा अनुभव है। भाजपा मंडल अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाई। इस दौरान उनकी विनम्रता, सहज व्यवहार और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की क्षमता ने उन्हें संगठन में अलग पहचान दिलाई। कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ उनकी राजनीतिक पूंजी मानी जाती है।

ग्राम प्रधान से मंडी समिति अध्यक्ष तक का सफर
राजेश कुमार शर्मा की राजनीतिक यात्रा केवल संगठन तक सीमित नहीं रही। वर्ष 2008 में वह माजरी माफी से ग्राम प्रधान निर्वाचित हुए और स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधि के रूप में काम करने का अवसर मिला। वर्ष 2014 में महिला सीट होने पर उनकी पत्नी पिंकी शर्मा ने भी ग्राम प्रधान का दायित्व संभाला। इस प्रकार उनका परिवार भी लंबे समय से सामाजिक और जनप्रतिनिधित्व से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रहा है।

वर्ष 2020 में राजेश शर्मा को मंडी समिति अध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया गया। कोरोना महामारी के दौरान जब पूरा देश अभूतपूर्व संकट से गुजर रहा था। लॉकडाउन के दौरान आम जनता को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाना बड़ी चुनौती थी। ऐसे मुश्किल दौर में राजेश कुमार शर्मा ने अपनी सक्रियता और सेवाभाव से एक अलग उदाहरण प्रस्तुत किया।

कोविड काल में सभी 100 वार्डों तक पहुंचाई सस्ती फल-सब्जियां
कोरोना महामारी के दौरान जब शहर में फल और सब्जियों की कालाबाजारी की शिकायतें सामने आईं और आम जनता को महंगे दामों पर आवश्यक खाद्य सामग्री खरीदने की परेशानी होने लगी, तब राजेश कुमार शर्मा ने इस समस्या के समाधान के लिए व्यापक स्तर पर पहल की। उन्होंने शहर के सभी 100 वार्डों में सैकड़ों वाहनों के माध्यम से आम जनता तक सस्ती दरों पर फल और सब्जियां उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण कार्य किया। इस व्यवस्था का उद्देश्य था कि लॉकडाउन के दौरान लोगों को घरों के आसपास ही उचित कीमत पर आवश्यक खाद्य सामग्री मिल सके और उन्हें अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। इस पहल से एक ओर कालाबाजारी पर अंकुश लगाने में मदद मिली, वहीं दूसरी ओर आम शहरवासियों को महंगाई से राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया।
यह पहल उनके कार्यकाल की सबसे उल्लेखनीय जनहितकारी गतिविधियों में शामिल रही। खास बात यह थी कि यह व्यवस्था केवल कुछ इलाकों तक सीमित नहीं रही, बल्कि शहर के सभी 100 वार्डों को इसके दायरे में लाने का कार्य किया गया।

माजरी माफी के कैंप कार्यालय से 38 दिनों तक चला मोदी किचन
कोविड काल में राजेश कुमार शर्मा का जनसेवा अभियान केवल फल-सब्जियों की आपूर्ति तक सीमित नहीं रहा। लॉकडाउन के दौरान जब बड़ी संख्या में प्रवासी, जरूरतमंद और असहाय परिवारों के सामने भोजन का संकट खड़ा हुआ, तब उन्होंने अपने माजरी माफी स्थित कैंप कार्यालय से लगातार 38 दिनों तक मोदी किचन का संचालन किया।
इस मोदी किचन के माध्यम से उनकी टीम द्वारा जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया गया। लगातार 38 दिनों तक भोजन व्यवस्था संचालित करना केवल एक औपचारिक गतिविधि नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंदों के साथ खड़े रहने की प्रतिबद्धता का उदाहरण था। एक तरफ शहर के सभी 100 वार्डों में सस्ती फल-सब्जियों की आपूर्ति और दूसरी तरफ 38 दिनों तक जरूरतमंदों के लिए भोजन की व्यवस्था ने राजेश शर्मा को जनसेवा के मोर्चे पर अलग पहचान दिलाई। महामारी के उस कठिन दौर में उनके इन प्रयासों को उनके सामाजिक सरोकारों और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के रूप में देखा जाता है।

आलू प्याज की बढ़ती कीमतों पर भी दिलाई थी राहत
मंडी समिति अध्यक्ष रहते हुए राजेश शर्मा ने आम जनता को राहत पहुंचाने के लिए एक और महत्वपूर्ण पहल की थी। जब बाजार में आलू प्याज के दाम तेजी से बढ़े और आम उपभोक्ताओं की जेब पर इसका असर पड़ने लगा, तब सरकारी काउंटर के माध्यम से सस्ती दरों पर आलू प्याज उपलब्ध कराने की व्यवस्था कराई गई। इससे शहरवासियों को महंगी आलू प्याज से राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया। उनकी इन पहलों से यह संदेश गया कि सार्वजनिक जिम्मेदारी मिलने पर उसका इस्तेमाल आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए भी किया जा सकता है। अब रायपुर विधानसभा से दावेदारी पेश कर राजेश शर्मा ने अपनी राजनीतिक मंशा स्पष्ट कर दी है। उनकी दावेदारी के साथ यह सवाल भी चर्चा में है कि क्या पार्टी लंबे समय से संगठन को समर्पित रहे और जमीनी स्तर पर सक्रिय अपने इस योद्धा को आगामी चुनाव में मौका देगी?

हालांकि प्रत्याशी चयन का अंतिम निर्णय भाजपा का शीर्ष नेतृत्व और संगठन ही करेगा, लेकिन राजेश शर्मा ने अपनी दावेदारी के जरिए रायपुर विधानसभा की सियासत में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी है। संगठन में वर्षों की सक्रियता, कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध और संकट के समय जनता के बीच खड़े रहने का उनका दावा अब उनकी राजनीतिक दावेदारी के प्रमुख आधार बनकर उभर रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!