Transfer: छह तहसीलों और उप जिलों में बदली जिम्मेदारी, तहसील सदर को भी मिला नया तहसीलदार 

Astitva Times Desk
3 Min Read

देहरादून। देहरादून जिले की प्रशासनिक व्यवस्था में डिप्टी कलेक्टर स्तर पर व्यापक बदलाव किया गया है। जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश के तहत जिले की विभिन्न तहसीलों और उप जिलों में अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदलते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में देहरादून सदर, डोईवाला, मसूरी, चकराता, विकासनगर और ऋषिकेश के महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती की गई है।

प्रशासनिक फेरबदल के तहत अपूर्वा सिंह को देहरादून सदर की जिम्मेदारी से हटाकर डोईवाला भेजा गया है। वहीं, मुकेश रमोला को देहरादून सदर का नया डिप्टी कलेक्टर नियुक्त किया गया है। आईएएस अधिकारी हर्षिता सिंह को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मसूरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह देहरादून में न्यायिक कार्य देख रही थीं। इसी क्रम में रविंद्र कुमार जुवांठा को देहरादून में प्रभारी अधिकारी (ओसी) के पद से हटाकर चकराता भेजा गया है। वहीं, चकराता में लंबे समय से तैनात प्रेमलाल को देहरादून में प्रभारी अधिकारी (ओसी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बदलाव के तहत दोनों अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में अदला-बदली की गई है।

विकासनगर और ऋषिकेश में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। अभय प्रताप सिंह को विकासनगर का डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है, जबकि राजकुमार पांडे को ऋषिकेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों के बाद जिले के सभी प्रमुख तहसील और उप जिला स्तर के प्रशासनिक पदों पर अधिकारियों की नई जिम्मेदारी तय हो गई है।

स्थानांतरण और रिक्त पदों के चलते हुआ फेरबदल
दरअसल, पिछले दिनों देहरादून जिले में तैनात कई डिप्टी कलेक्टरों के दूसरे जिलों में स्थानांतरण और नई नियुक्तियों के चलते कुछ प्रशासनिक पद खाली हो गए थे। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से अधिकारियों की उपलब्धता और प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारियों के पुनर्वितरण की प्रक्रिया पूरी की गई।

इस फेरबदल के बाद जिले की विभिन्न तहसीलों और उप जिलों में प्रशासनिक कामकाज के संचालन के लिए नई व्यवस्था लागू होगी। अधिकारियों को उनके नए कार्यक्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपे जाने से राजस्व संबंधी मामलों, जनशिकायतों के निस्तारण और स्थानीय प्रशासनिक कार्यों का संचालन नई व्यवस्था के तहत किया जाएगा।
जिले में एक साथ कई महत्वपूर्ण पदों पर हुए इस बदलाव को प्रशासनिक व्यवस्था के पुनर्गठन के तौर पर देखा जा रहा है। अब सभी संबंधित अधिकारियों को अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार संभालना होगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!