फिर बढ़ने लगा कोरोना का कहर: 3 महीने बाद सर्वाधिक 28,903 केस, 188 की मौत

MS Malik
By
3 Min Read

नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण एक बार बेकाबू होता दिख रहा है. देश में तीन महीने बाद 28 हजार से ज्यादा कोरोना केस दर्ज किए गए हैं, जो कि इस साल एक दिन में सबसे ज्यादा संख्या भी है. स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 28,903 हजार नए कोरोना केस आए और 188 लोगों की जान चली गई है. हालांकि 17,741 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं. इससे पहले 12 दिसंबर 2020 को 30,254 कोरोना केस दर्ज किए गए थे।

ताजा आंकड़ों के अनुसार, अब देश में कोरोना के कुल मामले बढ़कर एक करोड़ 14 लाख 38 हजार 734 हो गए हैं. कुल एक लाख 59 हजार 44 लोगों की जान जा चुकी है. एक करोड़ 10 लाख 45 हजार 284 लोग कोरोना को मात देकर ठीक भी हो चुके हैं. देश में अब एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 2 लाख 34 हजार 406 हो गई है यानी कि इतने लोग अभी कोरोना संक्रमित हैं।

महाराष्ट्र में संक्रमण के 17,864 नए मामले
महाराष्ट्र में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 17,864 नए मामले सामने आए जो कि इस साल सबसे ज्यादा हैं. इसके साथ ही महामारी से 87 और मरीजों की मौत हो गई. राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 23,47,328 हो गए हैं और मृतकों की संख्या 52,996 पर पहुंच गई है. अब तक कोविड-19 के 21,54,253 मरीज ठीक हो चुके हैं और अभी 1,38,813 मरीज उपचाराधीन हैं।

साढ़े तीन करोड़ से ज्यादा कोरोना टीका लगे
देश में 16 जनवरी को कोरोना का टीका लगाए जाने की अभियान की शुरुआत हुई थी. 16 मार्च तक देशभर में 3 करोड़ 50 लाख 64 हजार 536 स्वास्थ्यकर्मियों, बुजुर्गों और कोरोना योद्धाओं को कोविड-19 का टीका लगाया जा चुका है. बीते दिन 21 लाख 17 हजार 104 लोगों को टीका लगा. वैक्सीन की दूसरी खुराक देने का अभियान 13 फरवरी से शुरू हुआ था.
देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.39 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट करीब 97 फीसदी है. एक्टिव केस 1.96 फीसदी है. कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का 11वां स्थान है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!