करप्शन ब्यूरो की टीम देख तहसीलदार ने चूल्हे पर जलाये 20 लाख रुपये

MS Malik
By
3 Min Read

जयपुर। राजस्थान के सिरोही जिले में में भ्रष्टाचार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बुधवार को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम जब पिंडवाड़ा के तहसीलदार कल्पेश जैन के घर छापेमारी के लिए पहुंची तो वह अंदर 20 लाख रुपये की रकम को चूल्हे में जलाने लगे। नोटों को आग के हवाले करने का यह नजारा एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने देखा और इसका वीडियो भी बना लिया गया। घटना का सनसनीखेज वीडियो सामने आया है, जिसमें तहसीलदार की पत्नी भी नोटों को जलाने में सहयोग करती दिख रही हैं। वहीं घर के बाहर से झांक रहा एक शख्स कहता है कि मैडम आप भी इस तरह से साथ दे रही हैं, यह अच्छी बात नहीं है।

दरअसल भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की एक टीम ने पिंडवाडा के राजस्व निरीक्षक परबत सिंह को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। अधिकारी ने बताया कि आरोपी परबत सिंह द्वारा रिश्वत की राशि पिंडवाड़ा के तहसीलदार कल्पेश कुमार जैन के लिए लेने की बात स्वीकार करने पर जब ब्यूरो की टीम तहसीलदार के निवास पर उसे गिरफ्तार करने पहुंची तो उसने अपने घर के दरवाजे बंद करके भीतर करीब 15-20 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा जला भी दी। उन्होंने बताया कि तहसीलदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। तहसीलदार ने 500 रुपये के नोटों की गड्डियों को गैस-चूल्हे में जलाने की कोशिश की।

ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि आरोपी तहसीलदार कल्पेश जैन ने परिवादी से पिंडवाडा में प्राकृतिक पैदावार आवंला छाल का ठेका दिलवाने की एवज में राजस्व निरीक्षक परबत सिंह के मार्फत एक लाख रुपये की राशि की मांग की थी। उन्होंने बताया कि आरोपी परबत सिंह को परिवादी से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में तहसीलदार कल्पेश कुमार जैन की संलिप्तता पाए जाने पर जब ब्यूरो का दल उसे गिरफ्तार करने पहुंचा तो उसने अपने घर का दरवाजे बंद करके भीतर रखी करीब 15-20 लाख रुपये की राशि को गैस के चूल्हे पर जलाने का प्रयास किया।

पुलिस की मदद से अंदर घुस पाई एसीबी की टीम
उन्होंने बताया कि दल ने स्थानीय पुलिस की मदद से घर में प्रवेश किया। उन्होंने बताया कि तहसीलदार के निवास पर तलाशी में एक लाख 50 हजार रुपये बरामद किये गये। उन्होंने बताया कि आरोपी तहसीलदार कल्पेश कुमार जैन को भी मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के निवास एवं अन्य ठिकानों की तलाशी जारी है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!