सरकार तो भाजपा ही बनाएगी, कांग्रेस के कई जिताऊ प्रत्याशी बीजेपी के संपर्क मेंः भट्ट

MS Malik
By
2 Min Read

देहरादून। मतदान के बाद भी भाजपा और कांग्रेस के बीच एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए शह और मात का खेल जारी है। बदरीनाथ से भाजपा विधायक विधायक महेंद्र भट्ट ने दावा किया है कि कांग्रेस के कई जिताऊ प्रत्याशी भारतीय जनता पार्टी के संपर्क में हैं और जरूरत पड़ने पर इन सभी को भाजपा में लाया जाएगा।

भाजपा के बदरीनाथ से विधायक महेंद्र भट्ट का यह दावा राजनीतिक रूप से बेहद बड़ा है। बड़ा इसलिए क्योंकि राज्य में कुछ ही दिनों बाद चुनावी परिणाम आने वाले हैं। ऐसे में अगर विधायक की बातों में अगर जरा भी सच्चाई है तो कांग्रेस परेशानी में आ सकती है। दरअसल, महेंद्र भट्ट ने कहा है कि देश को कांग्रेस मुक्त बनाने की मुहिम भाजपा चला रही है। इस मुहिम में जो भी कांग्रेस के नेता जुड़ना चाहते हैं, उनको जोड़ा जा रहा है। यही नहीं सर्वे के आधार पर जो जीतने वाले प्रत्याशी हैं। उनसे भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि बहुमत में आने वाली भाजपा सरकार को और भी ताकतवर बनाया जा सके।

बीजेपी विधायक के इस दावे के बाद कांग्रेस की चिंताएं बढ़ना लाजमी है। हालांकि कांग्रेस भाजपा के विधायक के इस बयान को दूसरे रूप में देख रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कहना है कि जिस तरह भाजपा के विधायक ने बयान दिया है। उससे साफ है कि भाजपा भी मान रही है कि उनकी सरकार नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि साल 2016 में जो लोग कांग्रेस छोड़ कर गए थे। उनके साथ क्या हुआ यह सभी जानते हैं। लिहाजा अब कोई भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल नहीं होने वाला है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!