सोशल मीडिया पर बना रिश्ता बना तबाही का सबब: दवा लेने के बहाने मेरठ पहुँची थी माँ; आरोपी ने ‘सुरक्षित स्थान’ का झाँसा देकर छीना बच्चा, अगले दिन नाले से मिला शव
सहारनपुर/मेरठ। सोशल मीडिया के आभासी संसार में पनपने वाले रिश्तों का एक खौफनाक और दिल दहला देने वाला चेहरा सामने आया है। सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र से शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत छह महीने के मासूम समीर की बेरहम हत्या के साथ हुआ। जिस माँ ने अपने कलेजे के टुकड़े को सीने से लगाकर दुनिया दिखाई थी, वही अपने कथित प्रेमी के छलावे में आकर उसे कुछ मिनटों के लिए सौंप बैठी। वे कुछ मिनट मासूम के जीवन के अंतिम पल साबित हुए। प्रेमी ने मासूम को राह का काँटा समझकर सोहराबगेट के पास एक गंदे नाले में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गंगोह कोतवाली में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज कर मामले की जाँच और आगे की कार्रवाई के लिए केस मेरठ पुलिस को हस्तांतरित (ट्रान्सफर) कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, दौलतपुर निवासी इमरान की पत्नी सबाना 12 जुलाई को अपने छह माह के बेटे समीर को साथ लेकर ‘दवा लेने’ की बात कहकर घर से निकली थी। इमरान को अंदाजा भी नहीं था कि उसकी पत्नी लौटकर नहीं आएगी। शबाना की इंस्टाग्राम पर मेरठ निवासी विशाल नाम के युवक से पहचान हुई थी, जो धीरे-धीरे कथित प्रेम संबंध में बदल गई।शबाना सीधे मेरठ के सोहराबगेट बस अड्डे पहुँची, जहाँ विशाल उससे मिलने आया। पुलिस पूछताछ और महिला के बयानों के मुताबिक, जब विशाल ने शबाना के हाथ में छह महीने का बच्चा देखा, तो उसने बच्चे को अपने घर ले जाने से साफ़ इनकार कर दिया। उसने शबाना को झाँसा दिया कि वह बच्चे को सुरक्षित अपने एक दोस्त के पास छोड़कर आता है। विशाल मासूम समीर को अपनी गोद में लेकर गया और कुछ ही मिनटों बाद अकेला लौट आया। उसने महिला से कहा कि बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है। इसके बाद वह शबाना को अपने माता-पिता के घर हापुड़ ले गया।
13 जुलाई को नाले में मिला था अज्ञात शिशु का शव
इधर, पत्नी और बेटे के गायब होने पर परेशान पति इमरान ने काफी खोजबीन की। कोई सुराग न मिलने पर उसने 22 जुलाई को गंगोह कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस और परिजनों की लगातार तलाश के बाद 26 जुलाई को शबाना को हापुड़ से बरामद कर लिया गया, लेकिन मासूम समीर गायब था। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि 13 जुलाई को मेरठ के थाना नौचंदी क्षेत्र स्थित सोहराबगेट बस अड्डे के पास एक बदबूदार गंदे नाले से एक अज्ञात शिशु का शव बरामद हुआ था। सूचना मिलते ही बदहवास पिता इमरान मेरठ पहुँचा। जब उसने पुलिस द्वारा रखी गई तस्वीर देखी, तो उसकी पैरों तले जमीन खिसक गई—वह शव उसके ही छह माह के जिगर के टुकड़े समीर का था।घटनास्थल मेरठ का सोहराबगेट (थाना नौचंदी क्षेत्र) होने के कारण गंगोह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जीरो एफआईआर दर्ज की और पूरी केस फ़ाइल मेरठ पुलिस को भेज दी है। पीड़ित पिता का आरोप है कि आरोपी विशाल ने सोची- समझी साजिश के तहत उसके बेटे की हत्या की है।अब मेरठ पुलिस इस पूरे हत्याकांड के पीछे की साजिश, आरोपी विशाल की सटीक भूमिका और मासूम की हत्या के हर एक साक्ष्य की कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुटी है। इस दर्दनाक घटना ने जहाँ एक पिता की गोद हमेशा के लिए सूनी कर दी, वहीं सोशल मीडिया पर अजनबियों पर अंधे विश्वास के भयावह अंजाम को भी उजागर किया है।











