देहरादून। राजधानी देहरादून स्थित महंत इंद्रेश मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही 26 वर्षीय छात्रा ने आत्महत्या कर ली। छात्रा की पहचान डॉक्टर तन्वी के रूप में हुई है, जो हरियाणा के अंबाला की रहने वाली थीं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने कॉलेज के कुछ शिक्षकों पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, डॉक्टर तन्वी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में अपनी मां के साथ किराए के मकान में रहती थीं और महंत इंद्रेश मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस थर्ड ईयर की पढ़ाई कर रही थीं। घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक जब छात्रा को अस्पताल लाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इधर, छात्रा के परिजनों ने कॉलेज के कुछ शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कॉलेज में कुछ शिक्षक छात्रा को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। परिवार का आरोप है कि पढ़ाई और ड्यूटी के दबाव के साथ-साथ शिक्षकों के व्यवहार से छात्रा काफी तनाव में थी, जिसके चलते उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है। यदि जांच में किसी प्रकार की प्रताड़ना या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में भी शोक का माहौल है। वहीं, इस घटना ने मेडिकल छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और संस्थानों में संभावित उत्पीड़न के मुद्दे को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।











