देहरादून। तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम लिमिटेड (ओएनजीसी) के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) प्रकोष्ठ के सहयोग से पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक्शन एंड रिसर्च सोसाइटी द्वारा ग्राम पंचायत सेरा गांव में आपदा प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम का सफल एवं सराहनीय आयोजन किया गया। इस जनकल्याणकारी कार्यक्रम का उद्देश्य हाल ही में आय प्राकृतिक आपदा से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों को शीतकाल के दौरान आवश्यक राहत प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान आपदा प्रभावित गांवों के सैकड़ों परिवारों को राहत सामग्री के रूप में बैग, कंबल एवं गर्म बेडशीट वितरित की गईं। राहत सामग्री पाकर प्रभावित परिवारों के चेहरों पर संतोष और राहत स्पष्ट रूप से देखने को मिली। ठंड के मौसम में यह सहायता उनके लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है।
कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की धर्मपत्नी श्रीमती निर्मला जोशी, जिला पंचायत सदस्य बीर सिंह चौहान, ग्राम प्रधान सेरागांव संजय राणा समेत कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सरोकारों का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
इस अवसर पर ओएनजीसी सीएसआर की ओर से नीरज शर्मा, चंदन सुशील साजन एवं अरुण सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने ओएनजीसी की सामाजिक प्रतिबद्धताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि संस्था सदैव आपदा की घड़ी में समाज के साथ खड़ी रही है और भविष्य में भी इस प्रकार की सहायता जारी रखेगी।
ग्राम प्रधान संजय राणा ने उपस्थित सभी अतिथियों का आभार जताया। राहत सामग्री प्राप्त करने वाले परिवारों ने ओएनजीसी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक्शन एंड रिसर्च सोसाइटी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से उन्हें शीतकाल में काफी राहत मिली है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित होते रहेंगे। यह कार्यक्रम न केवल आपदा प्रभावित परिवारों के लिए सहारा बना, बल्कि समाज के प्रति कॉर्पोरेट और सामाजिक संस्थाओं की संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता है।














