UKPSC PCS: मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित

2

 

देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 (PCS) की मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने शुक्रवार को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी। मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अब भर्ती प्रक्रिया के अंतिम चरण यानी साक्षात्कार (इंटरव्यू) के लिए बुलाया जाएगा। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार मुख्य परीक्षा में सफल घोषित अभ्यर्थियों को शीघ्र ही साक्षात्कार की तिथि और अन्य जरूरी दिशा -निर्देश उपलब्ध कराए जाएंगे। साक्षात्कार के बाद ही अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी। अंतिम मेरिट सूची लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी।

उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा राज्य की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल है। इसके माध्यम से विभिन्न प्रशासनिक और विभागीय पदों पर अधिकारियों की भर्ती की जाती है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत राज्य में कुल 189 पदों को भरा जाना प्रस्तावित है।गौरतलब है कि इस परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया मार्च 2024 में शुरू हुई थी, जबकि प्रारंभिक परीक्षा जुलाई 2024 में आयोजित की गई थी।

 

प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिला। मुख्य परीक्षा का आयोजन नवंबर 2024 में किया गया था। मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद अब सफल अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार की तैयारी का दौर शुरू हो गया है। आयोग जल्द ही इंटरव्यू का कार्यक्रम घोषित करेगा।अभ्यर्थी अपना परिणाम उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।