UKSSSC ने रद्द की स्नातक स्तरीय परीक्षा, दोबारा होगी परीक्षा

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने 21 सितंबर 2025 को आयोजित स्नातक स्तरीय परीक्षा को रद्द कर दिया है। परीक्षा के बाद सोशल मीडिया पर कुछ प्रश्नों के स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद यह निर्णय लिया गया। आयोग ने परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा कदम उठाया है।

 

आयोग के अनुसार, परीक्षा समाप्ति के लगभग डेढ़ घंटे बाद (लगभग 1:30 बजे) कुछ प्रश्नों के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इस पर आयोग ने तत्काल मामले की सूचना एसएसपी देहरादून को दी, जिनके निर्देश पर थाना रायपुर में 22 सितंबर को एफआईआर दर्ज की गई थी।

इसके बाद राज्य सरकार ने 27 सितंबर 2025 को इस मामले की जांच के लिए कमीशन ऑफ इन्क्वायरी एक्ट 1952 के तहत एक सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग का गठन किया। आयोग की अध्यक्षता उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश यू.सी. ध्यानी कर रहे हैं।

8 अक्टूबर को न्यायिक आयोग की अंतरिम जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद, यूकेएसएसएससी ने मामले का विस्तृत अध्ययन किया और निर्णय लिया कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए 21 सितंबर को आयोजित परीक्षा को रद्द करना उचित होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों और आम जनता के विश्वास को बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए परीक्षा को निरस्त करते हुए यह निर्णय लिया गया कि पुनः परीक्षा आगामी तीन माह के भीतर आयोजित की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!