देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड की बरसी की पूर्व संध्या पर कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा एवं पूर्व विधायक राजकुमार ने राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स में अंकिता भंडारी की स्मृति में दीप प्रज्वलित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अंकिता को याद करते हुए उनके परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहने तथा न्याय की आवाज को मजबूती के साथ उठाते रहने का संकल्प लिया।
प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि “अंकिता भंडारी केवल एक परिवार की बेटी नहीं थीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की बेटी थीं। उनकी स्मृति में जलाया गया यह दीप उस न्याय की उम्मीद का प्रतीक है, जिसका इंतजार आज भी उनका परिवार और उत्तराखंड की जनता कर रही है।” उन्होंने कहा कि दोषियों को सजा मिलना न्याय की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन इस पूरे प्रकरण से जुड़े वे सवाल, जिन्हें अंकिता का परिवार और प्रदेश की जनता लगातार उठाती रही है, उनका भी पारदर्शी और स्पष्ट जवाब सामने आना आवश्यक है।
लालचंद शर्मा ने कहा कि अंकिता की स्मृति में जलाया गया यह दीप महज श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि समय बीत जाने के बावजूद इस मामले से जुड़े कई सवालों को लेकर लोगों के मन में चिंता और पीड़ा बनी हुई है। सरकार एवं संबंधित जांच एजेंसियों को मामले से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर स्पष्ट और पारदर्शी जानकारी जनता के सामने रखनी चाहिए।
पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि “अंकिता भंडारी के परिवार को आखिर न्याय के लिए बार-बार गुहार क्यों लगानी पड़ रही है? एक बेटी को खोने का दर्द जिस परिवार ने सहा है, उसकी पीड़ा को समझना और उसके सवालों का जवाब देना सरकार और व्यवस्था की जिम्मेदारी है। परिवार लगातार न्याय की मांग करता रहा है, लेकिन उन्हें आज भी अपने कई सवालों के जवाब का इंतजार है। बांगा ने कहा कि अंकिता की मौत ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर कर रख दिया था। आज भी जब अंकिता का नाम लिया जाता है तो उसके परिवार का दर्द और प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा को लेकर उठते सवाल सामने आ जाते हैं। उन्होंने कहा कि न्याय केवल अदालत के फैसले तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि पीड़ित परिवार के मन में उठ रहे हर सवाल का संतोषजनक और पारदर्शी उत्तर मिलना भी जरूरी है।
महानगर कांग्रेस व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील कुमार बांगा ने कहा कि “अंकिता को वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन उसके परिवार को यह भरोसा जरूर दिया जा सकता है कि उसकी आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। अंकिता की याद में जलाया गया यह दीप तब तक जलता रहेगा, जब तक न्याय, सुरक्षा और सम्मान की आवाज मजबूती से उठती रहेगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने का सवाल किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की अस्मिता, हमारी बेटियों की सुरक्षा और समाज के भरोसे से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि अंकिता की स्मृति में जलाया गया यह दीप उस संकल्प का प्रतीक है कि उनकी आवाज को भुलाया नहीं जाएगा और उनके परिवार के साथ न्याय की मांग में कांग्रेस लगातार खड़ी रहेगी।इस अवसर पर राहुल शर्मा, फारूक अहमद, अर्जुन सोनकर, आशु रतूड़ी, चमन लाल, अजीत सिंह, शिवा सोनकर, राजेंद्र सिंह घई, अनु सोनकर, रामप्रवेश, मोहन काला, नितिन चंदेल, दीपा चौहान, सुनील चंद, देवेंद्र कौर, अमी चंद, नमन, जागीर खान, विजेंद्र चौहान सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं व्यापारी उपस्थित रहे।













