अकीका समारोह में मातम: तालाबनुमा गड्ढे में डूबने से छह वर्षीय मासूम की मौत

4

 

अंबेहटा। कस्बे के खेड़ा अफगान रोड स्थित गार्डन में आयोजित अकीका समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गई, जब कार्यक्रम में शामिल होने आए छह वर्षीय मासूम की तालाबनुमा गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और समारोह की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला पटियान निवासी कल्लू के पुत्र का अकीका समारोह खेड़ा अफगान रोड स्थित गार्डन में आयोजित किया गया था।समारोह में शामिल होने के लिए आफताब उर्फ भूरा पुत्र इरफान अपनी पत्नी तथा दो बच्चों मोहम्मद हफान (6 वर्ष) और अजहर (3 वर्ष) के साथ पहुंचे थे। समारोह के दौरान मोहम्मद हफान अपने छोटे भाई अजहर के साथ खेलते हुए गार्डन से निकलकर पीछे स्थित बाग की ओर चला गया। कुछ देर बाद जब परिजनों को हफान दिखाई नहीं दिया तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान साथ गए छोटे भाई से पूछताछ की गई, जिस पर उसने बताया कि हफान पीछे बने तालाबनुमा गड्ढे में गिर गया था।

यह जानकारी मिलते ही परिजनों और समारोह में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद मासूम को तालाबनुमा गड्ढे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने ऐसे खुले और असुरक्षित तालाबनुमा गड्ढों के आसपास सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

डॉ. राशिद महबूब ✍️