अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटर सील, 5 महिलाएं बिना सत्यापन पकड़ी गईं

2

 

देहरादून जिले में कानून- व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कड़ा एक्शन लेते हुए विकासनगर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को पुलिस टीम ने बाजार में संचालित “हॉलीवुड स्पा सेंटर” पर अचानक छापा मारा। औचक निरीक्षण के दौरान जो सामने आया, उसने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए।

जांच में पाया गया कि स्पा सेंटर में 5 महिलाएं बिना किसी वैध पुलिस सत्यापन के कार्यरत थीं। यह न केवल नियमों का खुला उल्लंघन था, बल्कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी बेहद गंभीर मामला माना गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी महिलाओं के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालान किया।

सबसे बड़ी कार्रवाई स्पा सेंटर संचालिका के खिलाफ की गई, जिसने बिना सत्यापन कर्मचारियों को काम पर रखा हुआ था। पुलिस ने धारा 83 के तहत चालान करते हुए स्पा सेंटर को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। यही नहीं जिन महिलाओं को बिना सत्यापन अपने मकान में किराये पर रखा गया था, उस भवन स्वामी को भी नहीं बख्शा गया। उसके खिलाफ भी पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत कड़ी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट निर्देश हैं कि जिले में स्थित सभी होटल, ढाबे, स्पा सेंटर, अपार्टमेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। इसी के तहत पूरे जनपद में बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति या संस्थान बिना सत्यापन के किसी को काम पर रखता है या किराये पर ठहराता है, तो उसके खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्रवाई की जाएगी।