कर्मचारियों की हड़ताल पर एस्मा लगाने को शर्मा ने बताया तानाशाही 

16

 

देहरादून। महानगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने एक बयान जारी कर उत्तराखंड की धामी सरकार द्वारा कर्मचारियों की हडताल पर एस्मा लगाये जाने को सरकार की तानाशाही एवं लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कर्मचारी संगठनों की जायज मांगों का समर्थन करती है। राज्य की धामी सरकार प्रत्येक जन आन्दोलन को अपनी सत्ता की ताकत के बल पर कुचलना चाहती है जिसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नाकामी से इतनी डरी हुई है कि कर्मचारियों द्वारा अपनी जायज मांगों को लेकर किये जा रहे आन्दोलनों को भी सत्ता के बल पर कुचलना चाहती है।

उन्होंने कहा कि भारत लोकतांत्रिक देश है तथा लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति और संगठन को अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का अधिकार हमारे संविधान ने हमें दिया है परन्तु भाजपा की सरकारें जिस प्रकार सत्ता और शक्ति के बल पर लोकतंत्र की आवाज दबाने का काम कर रही है उसे कभी भी बर्दास्त नहीं किया जायेगा।