कैंट थाना पहुंचे रेखा आर्य के समर्थक, कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल के खिलाफ दी तहरीर 

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। धामी सरकार में मंत्री श्रीमती रेखा आर्या को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में थाना कैंट देहरादून में शिकायत दर्ज कराते हुए उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दिनांक 04 जनवरी और 06 जनवरी 2026 को सार्वजनिक मंच से दिए गए संबोधन के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंत्री रेखा आर्या पर व्यक्तिगत, महिला -विरोधी और दलित-विरोधी टिप्पणी की। आरोप है कि उन्होंने मंत्री के वैवाहिक जीवन को लेकर उनके पति से यह प्रश्न किया कि “क्या शादी 20 या 25 हजार रुपये देकर की गई”, जिसे शिकायतकर्ता ने एक महिला एवं दलित समाज से आने वाली मंत्री की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाला बयान बताया है।

शिकायत के अनुसार, इस तरह की टिप्पणी मंत्री रेखा आर्या की सार्वजनिक छवि को धूमिल करने का प्रयास है और यह न केवल व्यक्तिगत अपमान की श्रेणी में आता है, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित करता है। आरोप है कि इस बयान से दलित समाज और महिलाओं में व्यापक आक्रोश है तथा प्रदेश ही नहीं, अन्य राज्यों में भी इसकी कड़ी निंदा हो रही है।शिकायतकर्ता का कहना है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष द्वारा यह बयान सोची-समझी रणनीति के तहत दिया गया, जो एक दलित महिला मंत्री के प्रति नकारात्मक मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने इसे अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि इस प्रकार की भाषा किसी जिम्मेदार राजनीतिक पद पर आसीन व्यक्ति के अनुरूप नहीं है।

मामले में ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग की पेन ड्राइव, साथ ही सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी शिकायत के साथ संलग्न किए गए हैं, जिन्हें जांच का आधार बताया गया है।शिकायत में मांग की गई है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की टिप्पणियों पर रोक लग सके और महिलाओं एवं दलित समाज के सम्मान की रक्षा हो।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!