देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के आगामी 6 नवंबर को देवभूमि उत्तराखंड आगमन एवं प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा रैली को सफल, भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से आज महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में भाजपा महानगर देहरादून की पांचों विधानसभा क्षेत्रों रायपुर, राजपुर, धर्मपुर, कैंट एवं मसूरी में संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया गया।

बैठकों में महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के उत्तराखंड आगमन एवं 6 नवंबर को आयोजित होने वाली पदयात्रा रैली की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी ऊर्जा, समर्पण और संगठनात्मक अनुशासन के साथ इस कार्यक्रम की तैयारियों में जुट जाएं।
महानगर अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि माननीय केंद्रीय गृहमंत्री का देवभूमि उत्तराखंड आगमन प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए गौरव और उत्साह का विषय है। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा रैली लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन, राष्ट्रहित और जनकल्याण के प्रति भारतीय जनता पार्टी की प्रतिबद्धता को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि इस रैली को सफल बनाने के लिए प्रत्येक विधानसभा से लेकर मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक प्रभावी समन्वय स्थापित करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि आज देश का लोकतंत्र प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सशक्त नेतृत्व में निरंतर मजबूत हो रहा है। केंद्र सरकार ने देश को विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य किया है। वहीं कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार देश की जनता, विशेषकर युवाओं के बीच भ्रम और असमंजस की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न मुद्दों पर भ्रामक प्रचार कर समाज में अस्थिरता एवं अराजकता का वातावरण बनाने की कोशिश की जा रही है। युवा शक्ति देश के उज्ज्वल भविष्य और विकसित भारत के संकल्प की सबसे बड़ी ताकत है। ऐसे में युवाओं को सकारात्मक सोच, राष्ट्रनिर्माण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
बैठकों में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजानदास, विधायक विनोद चमोली, विधायक उमेश शर्मा काऊ एवं विधायक श्रीमती सविता कपूर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सभी जनप्रतिनिधियों ने रैली की सफलता के लिए संख्या बल एवं व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा में मंडल स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएं तथा सभी शक्ति केंद्रों एवं बूथों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाई जाए। प्रत्येक बूथ के कार्यकर्ताओं को रैली के उद्देश्य एवं महत्व से अवगत कराते हुए अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

जनप्रतिनिधियों ने संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपते हुए कहा कि रैली की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। प्रत्येक मंडल एवं बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से संपर्क कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी विधानसभाओं के कार्यकर्ताओं द्वारा रैली में अपनी-अपनी सहभागिता एवं संख्या का विवरण प्रस्तुत किया गया।कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अधिकाधिक संख्या में रैली में पहुंचने और कार्यक्रम को ऐतिहासिक सफलता दिलाने का संकल्प लिया।
बैठकों में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन अपने समर्पित कार्यकर्ताओं की ताकत से ही प्रत्येक चुनौती का सामना करता आया है। 6 नवंबर को देहरादून में होने वाली यह पदयात्रा रैली संगठन की एकजुटता, सक्रियता और सामूहिक संकल्प का परिचय देगी। इसके लिए महानगर की सभी पांचों विधानसभाओं में व्यापक स्तर पर जनसंपर्क एवं संगठनात्मक तैयारियां तेज की जाएंगी। इस अवसर पर महानगर महामंत्री संदीप मुखर्जी, विजेंद्र थपलियाल, महानगर उपाध्यक्ष सुनील शर्मा, राजेश कंबोज, ओम कक्कड़, श्रीमती संध्या थापा, मोहित शर्मा, जगदीश सेमवाल, समीर डोभाल, श्रीमती पूनम मंगाई, विनोद शर्मा, प्रदीप कुमार, अक्षत जैन, मोतीराम महिपाल, श्रेय नौटियाल सहित पांचों विधानसभाओं के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

गृहमंत्री अमित शाह के दून दौरे की सफलता को महानगर भाजपा की बैठक, दौरे को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प
Leave a Comment