थम नही रहा गुलदार का आतंक, पांच साल के मासूम को मार डाला

6

मां के हाथ से झपटा मारकर 5 साल के मासूम को ले गया गुलदार, शव बरामद, स्कूलों में छुट्टी

देहरादून। प्रदेश में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रुद्रप्रयाग के सिंद्रवाणी क्षेत्र में गुलदार आंगन से 5 साल के मासूम को उठाकर ले गया। पुलिस प्रशासन को सूचना मिलते ही मासूम की तलाश शुरू हुई। बाद में मासूम का शव बरामद कर लिया गया। घटना के बाद से घर में कोहराम मच गया। जिसके बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के बाद प्रशासन ने स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। ग्रामीणों ने घटना पर गुस्सा जाहिर किया। साथ ही जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रुद्रप्रयाग के ग्राम पंचायत सारी के सिन्द्रवाणी गांव से पांच वर्षीय बच्चा मां के साथ घर के आंगन में था। पहले से घात लगाकर बैठा अचानक गुलदार ने मां के हाथ से झपटा मार कर बच्चे को खींचा और जंगल की ओर भाग गया। घटना पर पूरे इलाके में हंगामा मच गया। पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई। घटना के बाद से ग्रामीण बच्चे की तलाश में जुटे। देर रात SDRF टीम द्वारा स्थानीय पुलिस एवं वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सघन सर्च अभियान चलाया गया। सर्चिंग के दौरान बच्चे का शव बरामद कर लिया गया। बरामद शव को आवश्यक कार्यवाही के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

प्रदेशभर में पिछले कई महीने से गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिससे लोगों का गुस्सा भू लगातार बढ़ता जा रहा है। रुद्रप्रयाग क्षेत्र में लगातार इस तरह की घटना सामने आ रही है, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने से लोगों ने नाराजगी जाहिर की है।

घटना के बाद प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए चार और पांच फरवरी को क्षेत्र के आठ विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। अवकाश घोषित विद्यालयों में राजकीय प्राथमिक विद्यालय चमसील, सारी, सिंद्रवाणी, झालीमठ, छिनका, हिलोरीधार, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय छिनका तथा जनता हाई स्कूल ककोड़ाखाल शामिल हैं। इसके साथ ही इन विद्यालयों के आसपास संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी दो दिन का अवकाश रहेगा।