दून में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में दो शातिर आरोपी घायल

Astitva Times Desk
4 Min Read

चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागे थे बाइक सवार, पीछा करने पर पुलिस टीम पर की फायरिंग; दो पिस्टल और कारतूस बरामद

देहरादून। राजधानी देहरादून में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों पुलिस को चकमा देकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिस वाहन पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दोनों आरोपी घायल हो गए। इनमें से एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय में भर्ती कराया है। आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, देर रात क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस टीम को संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन रुकने के बजाय बाइक सवार बुडपुर की ओर तेजी से भागने लगे। इस पर पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस का पीछा होता देख आरोपियों ने पुलिस वाहन को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। फायरिंग में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई फायरिंग में बाइक सवार दोनों युवक घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने तत्काल उन्हें हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरी घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपियों की स्थिति और घटनाक्रम के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने बरामद हथियारों और कारतूसों को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने देहरादून के पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर थाना क्षेत्रों में हुई नकबजनी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी कथित तौर पर वारदातों को अंजाम देने के इरादे से ही क्षेत्र में घूम रहे थे और आज भी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। घायल आरोपियों की पहचान शमीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और इनके इस्तेमाल से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का हरिद्वार और देहरादून में आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों पूर्व में कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। शमीम के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं, जबकि शहजाद के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है। पूछताछ के दौरान उनके अन्य संभावित साथियों, चोरी और नकबजनी की पूर्व की घटनाओं तथा हथियारों की उपलब्धता से संबंधित जानकारियां जुटाई जा रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने किन-किन क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम दिया और उनके साथ इस गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!