दून में हाईप्रोफाइल जुआ अड्डे पर छापेमारी, पूर्व भाजपा नेता समेत 18 गिरफ्तार

2

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी और सटीक कार्रवाई करते हुए कोतवाली नगर क्षेत्र में चल रहे एक हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। इस छापेमारी में पूर्व भाजपा नेता राकेश उर्फ तिनका सहित कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से लाखों रुपये की नगदी और जुए में इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को गोपनीय सूचना मिली थी कि सहारनपुर चौक स्थित महावीर अपार्टमेंट के एक फ्लैट में बड़े स्तर पर जुआ संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 5-6 मई की देर रात योजनाबद्ध तरीके से अपार्टमेंट में दबिश दी। जैसे ही पुलिस तीसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट में पहुंची, अंदर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों ओर से घेराबंदी कर सभी आरोपियों को मौके से ही धर दबोचा। इस कार्रवाई में किसी को भागने का मौका नहीं मिला।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह फ्लैट रोशन लाल बंसल का है, जो अपने ही घर में अवैध रूप से जुआ खिलवा रहा था और स्वयं भी इस गतिविधि में शामिल था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली नगर थाने में जुआ अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों के पास से 3,10,600 नगद, 4 गड्डी ताश (208 पत्ते) 20 डाइस बरामद हुए हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त: राकेश उर्फ तिनका (ऋषिनगर, रायपुर), रोशन लाल बंसल (झंडा बाजार), सुजल (झंडा बाजार), निक्कू कुमार (तिलक रोड), सन्नी पासवान (ब्राह्मणवाला), प्रीतम (ब्राह्मणवाला), सुनील (नालापानी), इंतजार (चंदन नगर), सौरभ जायसवाल (लक्खीबाग), विकास कुमार (झंडा बाजार), अरुण कुमार (ऋषिनगर), मुकेश (कांवली रोड), वाजिद खान (निरंजनपुर), सूरज पासवान (ब्रह्मपुरी), सुबोध पासवान (लक्खीबाग), दिलबर (करणपुर), हरीश (ऋषिनगर, सहस्त्रधारा रोड) और कादिर (करगी)।

पुलिस ने बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सघन चेकिंग और कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।