नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, सुमित हृदयेश, भुवन कापड़ी, संजीव आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Astitva Times Desk
4 Min Read

 

देहरादून। नैनीताल में इसी हफ्ते 14 अगस्त को जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के दौरान पांच जिला पंचायत सदस्यों के अपहरण की कोशिश का मामला और गरमा गया है। भाजपा व कांग्रेस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की शिकायत पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत चार कांग्रेसियों और 11 भाजपाइयों पर मुकदमा दर्ज हुआ है।

भाजपा की जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी दीपा दरम्वाल की शिकायत पर पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, समेत दो विधायकों और एक पूर्व विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, कांग्रेस की जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी, एक सदस्य और दो सदस्यों के परिजनों की शिकायत पर दायित्वधारी शंकर कोरंगा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट समेत 11 नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।14 अगस्त को जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने वोट देने जा रहे पांच जिला पंचायत सदस्यों का सड़क से अपहरण कर लिया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

मामले में एसआई सतीश उपाध्याय की शिकायत पर पुलिस ने उसी दिन शाम को अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। दीपा दरम्वाल ने तल्लीताल थाने में 14 अगस्त को शिकायत करते हुए कहा कि वह जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा समर्थित पांच जिला पंचायत सदस्य मतदान करने आए थे लेकिन अज्ञात लोगों के साथ नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक, सुमित हृयदेश, पूर्व विधायक संजीव आर्य ने मारपीट कर उनका अपहरण करने की कोशिश की। उन्होंने कार्रवाई की मांग की। एसपी डॉ.जगदीश चंद्र ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जा रही है।

कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी के आरोप
कांग्रेस जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी पुष्पा नेगी ने तल्लीताल थाने में शिकायती पत्र देते हुए कहा कि वह अन्य सदस्यों के साथ मतदान के लिए जिला पंचायत जा रही थीं, तभी बैरिकेडिंग के भीतर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला बोल दिया। पांच सदस्यों को अगवा कर उनके साथ अभद्रता की गई।

दीपा की शिकायत पर इन पर हुआ मुकदमा

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व विधायक संजीव आर्य और एक अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 62, 115(2), 140 (3) व 191 (2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुष्पा की शिकायत पर इन पर हुआ मुकदमा

दायित्वधारी शंकर कोरंगा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, आनंद सिंह दरम्वाल चतुर बोरा, प्रमोद बोरा, प्रखर साह, बॉबी भाकुनी, विशाल नेगी, पंकज नेगी, शुभम दरम्वाल, कोमल दरम्वाल और एक अज्ञात खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 115 (2),140 (3), 191 ( 351 व 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

देर रात की गई वोटों की गिनती, परिणाम सुरक्षित

नैनीताल में गुरुवार को जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के दौरान भारी हंगामे, आरोप-प्रत्यारोप के बाद मामला हाईकोर्ट में जाने पर कुछ समय असमंजस की स्थिति रही। राज्य निर्वाचन आयोग से मिले निर्देशों के बाद देर रात को ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए पड़े कुल 22 वोटों की गिनती के निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक की उपस्थिति में की गई। वोट तथा गिनती के परिणाम डबल लॉक में रख दिए गए। चुनाव परिणाम हाईकोर्ट के अधीन रहेगा। डीएम वंदना ने बताया कि 18 अगस्त को सुनवाई के दौरान निर्वाचन आयोग हाईकोर्ट में ये लिफाफा प्रस्तुत करेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!