छह सितंबर को होगा क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड का चुनाव

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) ने अपने आगामी चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। घोषित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया 29 अगस्त 2025 से प्रारंभ होकर छह सितंबर 2025 को परिणाम घोषणा के साथ संपन्न होगी।

सीएयू ने बताया कि 15 अगस्त 2025 को साधारण सदस्यों और जिला सदस्यों की नामावली जारी कर दी गई थी। इसके बाद अब नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 29 और 30 अगस्त को सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक होगी। नामांकन दाखिल करने वालों की सूची 30 अगस्त को शाम सात बजे जारी की जाएगी।

नामांकन पत्रों की जांच 31 अगस्त को की जाएगी और वैध उम्मीदवारों की सूची उसी दिन शाम पांच बजे घोषित कर दी जाएगी। वैध उम्मीदवारों के खिलाफ आपत्तियां 31 अगस्त से दो सितंबर तक दर्ज की जा सकेंगी, जिन पर निर्णय तीन सितंबर को सुबह 11 बजे घोषित किया जाएगा। वहीं उम्मीदवारी वापसी की अंतिम तिथि एक से तीन सितंबर तय की गई है।

निर्वाचन रोल 31 अगस्त को प्रारंभिक रूप से जारी होगा, जिस पर आपत्तियां तीन सितंबर तक दर्ज कराई जा सकेंगी। अंतिम निर्वाचन रोल चार सितंबर को दोपहर तीन बजे प्रकाशित होगा।

चुनाव के लिए अंतिम उम्मीदवारों की सूची तीन सितंबर की शाम सात बजे जारी की जाएगी। मतदान छह सितंबर को दोपहर 12 बजे से दो बजे तक होगा, जबकि मतगणना उसी दिन शाम तीन बजे कर दी जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!