पूर्व भाजपा विधायक के नौकर की पुलिस हिरासत के दौरान मौत, चोरी के मामले में हुआ था गिरफ्तार

MS Malik
By
2 Min Read

देहरादून। हरिद्वार पुलिस की हिरासत में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में दिल्ली में मौत हो गई। युवक को चोरी का आरोपी बताया जा रहा है जिसकी निशानदेही पर हरिद्वार पुलिस चोरी का माल बरामद करने के लिए उसे अपनी हिरासत में दिल्ली लेकर गई थी। जिस युवक को पुलिस ने हिरासत में लिए वह पूर्व विधायक के घर नौकर था। जानकारी के मुताबिक हरिद्वार जिले के बहादराबाद पुलिस स्टेशन में चोरी के किसी मामले में पुलिस ने बिजनौर निवासी अंकित को उठाया था। पूछताछ में उसने चोरी की घटना में अपना हाथ कबूल होने की बात करते हुए चोरी का माल दिल्ली से बरामद कराए जाने की हामी भरी थी, जिस पर पुलिस अंकित को लेकर माल बरामदगी के लिए दिल्ली लेकर गई थी।

बताया जा रहा है कि न्यू अशोकनगर इलाके में अंकित पुलिस कस्टडी से भागकर छत से नीचे सड़क की ओर कूद पड़ा। इस समय सड़क पर एक स्विफ्ट डिजायर कार खड़ी थी। अंकित सीधा इस कार पर गिरा। तत्काल अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया यह भी जा रहा है कि इस घटना के समय हरिद्वार पुलिस के साथ दिल्ली पुलिस भी मौजूद थी।

यह घटना गुरुवार 18 जनवरी की बताई जा रही है। पुलिस कस्टडी में आरोपी की मौत के बाद से पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है, लेकिन पुलिस ने अभी घटना को सार्वजनिक नहीं किया है। विभागीय इनपुट के अनुसार एसएसपी अजय सिंह ने इस मामले में एसपी सिटी को जांच के लिए बोला है। जबकि एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार के अनुसार मामले में जानकारी जुटाई जा रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक युवक पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर के यहां नौकर रह चुका है। यह मामला सामने आने के बाद पूर्व भाजपा विधायक ने बयान दिया है कि उसे वह आठ माह पूर्व काम से निकाल चुके थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!