पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता साहब सिंह के खिलाफ धरने पर बैठी पत्नी सुमित्रा

MS Malik
By
3 Min Read

साहब सिंह उत्तराखण्ड में तलाश रहे राजनीतिक जमीन-पत्नी न्याय के लिए भटकने को मजबूर

देहरादून। रुड़की में हरिद्वार रोड स्थित एक बैंकट हॉल में आयोजित सैनी सम्मेलन स्थल के बाहर पूर्व कैबिनेट मंत्री साहब सिंह सैनी की पत्नी ने धरना दिया। उन्होंने एक बार फिर से साहब सिंह सैनी पर गंभीर आरोप लगाए और आगामी चुनाव में कांग्रेस और साहब सिंह सैनी के खिलाफ समाज के लोगों के साथ मिलकर कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस ने साहब सिंह सैनी को टिकट दिया तो वह समाज के जिम्मेदार लोगों को साथ लेकर कांग्रेस का भी विरोध करेंगी।

नवंबर में देहरादून स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरीश रावत एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल होने वाले पूर्व मंत्री साहब सिंह सैनी इससे पहले समाजवादी पार्टी जुड़े हुए थे अखिलेश यादव ने साहब सिंह को एमएलसी बनाकर कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी दिया हुआ था। अब उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड में राजनीतिक जमीन तलाश रहे यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री साहब सिंह सैनी की पत्नी न्याय की गुहार लगाती दर बदर भटकने को मजबूर है वह रविवार को सहाब सिंह सैनी द्वारा हरिद्वार रोड स्थित एक बैंकट हॉल में आयोजित सैनी सम्मेलन स्थल के बाहर धरने पर बैठी।

ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज के बैनर तले धरने पर बैठी सुमित्रा देवी ने आरोप लगाए कि साहब सिंह सैनी ने उन्हें और उनके बेटे को छोड़ दिया था। और कोर्ट द्वारा साहब सिंह सैनी को खर्चे के तौर पर प्रतिमाह 15000 रुपए देने के आदेश दिए थे लेकिन वह भी साहब सिंह सैनी नहीं दे रहे हैं। आरोप लगाया कि साहब सिंह सैनी ने अपने राजनीतिक रसूख का फायदा उठाते हुए डीएनए टेस्ट की रिपोर्ट भी फर्जी बनवाई हुई है।

सुमित्रा देवी ने एक बार फिर दोहराया कि जो व्यक्ति अपने परिवार का नहीं हो सका वह समाज का कैसे हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह समाज को बरगला कर अब उत्तराखंड में सैनी समाज के लोगों को धोखा देना चाहते हैं। सुमित्रा देवी ने कहा कि साहब सिंह सैनी जहां से भी चुनाव लड़ेंगे वह वही जाकर उनके विरोध में कार्य करेंगे और समाज के लोगों को साहब सिंह सैनी के बहकावे में आने से रोकने के लिए उन्हें जागरूक करेंगी। इस अवसर पर प्रदीप सैनी, हिमांशु सैनी, अंशुल सैनी आदि लोग मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!