देहरादून। धरमपुर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कांग्रेस सचिव रमेश कुमार मंगू ने प्रदेश की बिगड़ती कानून -व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं यह साबित करती हैं कि प्रदेश में कानून का राज समाप्त हो चुका है और अराजकता चरम पर है।
मंगू ने प्रदेश में हो रही हत्याओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राजधानी देहरादून जैसे सुरक्षित माने जाने वाले शहर में भी अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कोतवाली से महज कुछ ही दूरी पर स्थित मच्छी बाजार में 23 वर्षीय युवती की नृशंस हत्या कर दी गई, इसके अलावा तीन दिन पहले ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में भी महिला की हत्या की घटना सामने आई है। रुड़की के भगवानपुर क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना ने आम जनता की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से साफ जाहिर होता है कि अपराधियों को न तो कानून का डर है और न ही पुलिस प्रशासन का। प्रदेश में अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे आम जनमानस स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
मंगू ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर अराजक तत्व कानून के राज को ठेंगा दिखाते हुए लगातार आम लोगों को डरा- धमका रहे हैं। प्रदेश में जहां कानून का शासन होना चाहिए था, वहां अराजकता का माहौल बना हुआ है। विशेष रूप से महिलाओं के प्रति अपराध, छेड़छाड़ और हिंसा की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भय का वातावरण व्याप्त है और जनता का सरकार से भरोसा उठता जा रहा है। बेरोजगारी, महंगाई और कानून-व्यवस्था जैसे ज्वलंत मुद्दों पर प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।
मंगू ने बताया कि इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी आगामी 16 फरवरी को लोक (राजभवन) कूच करेगी। यह प्रदर्शन प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध और बेरोजगारी के खिलाफ होगा। उन्होंने आम जनता से बड़ी संख्या में इस आंदोलन में शामिल होकर सरकार को जगाने की अपील भी की।











