प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को DBT के माध्यम से मंगलवार को जारी होगी पहली किस्त 

4

 

देहरादून।नगर निगम देहरादून द्वारा मंगलवार 10 मार्च को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के BLC (Beneficiary Led Construction) के अंतर्गत लाभार्थियों को प्रथम किस्त की अनुदान राशि DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से जारी की जाएगी। इस अवसर पर लाभार्थियों को योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की जाएगी, ताकि वे योजना का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।

नगर निगम में आवासीय योजनाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे रमेश चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त की राशि जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को अपना पक्का घर बनाने में बड़ी सहायता मिल रही है।

मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल तथा नगर आयुक्त नमामि बंसल के कर कमलों से लाभार्थियों के लिए अनुदान राशि जारी की जाएगी। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी भी उपस्थित रहेंगे।