भाजपा राज में मछलियां अन्दर और मगरमच्छ बाहर: कांग्रेस

Astitva Times Desk
6 Min Read

 

भाजपा के खिलाफ कांग्रेस का ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ अभियान शुरू, चार जोनों में होंगे कार्यक्रम

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में कांग्रेस आगामी दिनों में प्रदेशभर की पर्वतीय विधानसभा सीटों पर ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ आयोजित करेगी। कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच संवाद स्थापित कर भाजपा सरकार की नीतियों को उजागर करने का प्रयास करेगी। यह जानकारी शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दी।

प्रीतम सिंह ने कहा कि आज प्रदेश में महंगाई चरम पर है, बेरोजगारी से युवा परेशान हैं, महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं और भ्रष्टाचार व्यवस्था पर हावी है। ऐसे समय में कांग्रेस पार्टी जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की नीतियों और उनकी विफलताओं को सामने लाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि अभियान के पहले चरण में पर्वतीय क्षेत्रों की विधानसभा सीटों को चार जोनों में विभाजित किया गया है।

उन्होंने बताया कि जोन-1 का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल करेंगे। उनके साथ विधायक मयूख महर, हरीश धामी और खुशाल सिंह अधिकारी रहेंगे। यह कार्यक्रम 28 जून से 2 जुलाई तक चलेगा, जिसके अंतर्गत चम्पावत, लोहाघाट, पिथौरागढ़, डीडीहाट, धारचूला, गंगोलीहाट, बागेश्वर और कपकोट विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

जोन-2 की जिम्मेदारी चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत को सौंपी गई है। उनके साथ सुरेंद्र सिंह नेगी, शूरवीर सिंह सजवान, विधायक लखपत सिंह बुटोला, पूर्व विधायक जीत राम और मनोज रावत रहेंगे। यह कार्यक्रम 28 जून से 7 जुलाई तक चलेगा। इसके तहत यमकेश्वर, कोटद्वार, लैंसडाउन, चौबट्टाखाल, श्रीनगर, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, बद्रीनाथ, थराली और कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

जोन-3 की जिम्मेदारी चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह को दी गई है। उनके साथ उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक विक्रम सिंह नेगी रहेंगे। यह अभियान 28 जून से 7 जुलाई तक चलेगा तथा पुरोला, यमुनोत्री, गंगोत्री, प्रतापनगर, घनसाली, टिहरी, नरेंद्रनगर, देवप्रयाग और धनौल्टी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित होंगे।

जोन-4 का नेतृत्व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा करेंगे। उनके साथ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, विधायक मनोज तिवारी, मदन बिष्ट और सुमित हृदयेश शामिल रहेंगे। यह कार्यक्रम 29 जून से 9 जुलाई तक चलेगा। इसके अंतर्गत हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी, भीमताल, नैनीताल, रामनगर, जागेश्वर, अल्मोड़ा, सोमेश्वर, द्वाराहाट, रानीखेत और सल्ट विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन होंगे।

प्रीतम सिंह ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन, जनसभा, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम तथा धरना-प्रदर्शन भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी किसी भी जोन के कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और राज्य के संसाधनों पर भाजपा से जुड़े लोगों का कब्जा है। उन्होंने कहा कि खनन पट्टों और क्रशर कारोबार में भी पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। जो लोग भाजपा का समर्थन करते हैं उन्हें लाभ पहुंचाया जा रहा है, जबकि अन्य लोगों के अधिकार छीने जा रहे हैं। गोदियाल ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से जनता तक पहुंचाया जाए, क्योंकि प्रदेश को सही दिशा देने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से ही सरकार की वास्तविकता जनता के सामने लाई जा सकती है।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए गणेश गोदियाल ने हाल के भ्रष्टाचार संबंधी मामलों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में छोटी मछलियों को बलि का बकरा बनाया जा रहा है, जबकि बड़ी मछलियां बचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों को खुलकर सामने आकर बड़े जिम्मेदार लोगों के नाम उजागर करने चाहिए। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में स्थिति ऐसी हो गई है कि “मछलियां अंदर हैं और मगरमच्छ बाहर घूम रहे हैं।”
उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता अपने सवालों के जवाब सत्ता पक्ष से मांगेगी, विपक्ष से नहीं। इसलिए जनभावनाओं और सवालों को धमकी के जरिए दबाने का प्रयास उचित नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि वर्तमान चरण में यह अभियान केवल पर्वतीय विधानसभा क्षेत्रों तक सीमित रहेगा, जबकि आगामी चरण में मैदानी क्षेत्रों—ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, विकासनगर सहित अन्य विधानसभा क्षेत्रों—के लिए भी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, राजेंद्र भंडारी, नवीन जोशी, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, अभिनव थापर, सुनीत राठौड़ सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!