देहरादून। बुधवार को राजधानी देहरादून में तिब्बती मार्केट के पास दिनदहाड़े हुए अर्जुन शर्मा हत्याकांड का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना को अंजाम देने वाले दोनों मुख्य अभियुक्त राणा भाई, मृतक की मां सहित तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। इनमें शहर के चिकित्सक डॉ अजय खन्ना भी शामिल हैं।
एसएसपी अजय सिंह ने प्रेस कांफ्रेन्स में हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि करोड़ों के लेन देन में को लेकर हत्याकांड में मृतक की मां की अहम भूमिका रही। जांच में सामने आया कि संपत्ति की डील 14 करोड़ रुपये में तय हुई थी, जिसमें से 8 करोड़ रुपये दिए जा चुके थे। संपत्ति पर न्यायालय से स्टे होने के कारण कब्जा नहीं मिल पा रहा था। इसी विवाद के चलते बीना शर्मा, डॉ. अजय खन्ना और विनोद उनियाल ने अर्जुन शर्मा को रास्ते से हटाने की साजिश रची। दोनों शूटर भाइयों से 12 लाख रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें से 3 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में घायल दोनों मुख्य अभियुक्तों को उपचार के बाद न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
गौरतलब है कि 11 फरवरी को प्रातः लगभग 10:30 बजे कोतवाली डालनवाला को सूचना मिली कि तिब्बती मार्केट के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई। वह जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।
मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा की तहरीर पर कोतवाली डालनवाला में मु.अ.सं. 29/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। तहरीर में मृतक की मां बीना शर्मा, विनोद उनियाल, संगीता उनियाल तथा डॉ. अजय खन्ना पर संपत्ति विवाद के चलते हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया। बताया गया कि जीएमएस रोड स्थित संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय में लंबित था।
एसएसपी अजय सिंह मीडिया से मुखातिब
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसने अपना नाम राजीव उर्फ राजू निवासी चक्खुवाला बताया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस बरामद हुआ। इसी प्रकार डोईवाला क्षेत्र में लालतप्पड़ चौकी के पास चेकिंग के दौरान एक अन्य संदिग्ध ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वह भी घायल हो गया। उसने अपना नाम पंकज राणा निवासी चक्खुवाला बताया। उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद किए गए। दोनों ने पूछताछ में अर्जुन शर्मा की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो तमंचे (315 बोर), जिंदा व खोखा कारतूस तथा स्कूटी बरामद की है। मामले की गहन जांच जारी है।
नाम पता अभियुक्तगण-
1- पंकज राणा पुत्र अभय राम सिंह निवासी- 61/3 इंदिरा कॉलोनी, चक्खुवाला, कोतवाली, देहरादून उम्र 52 वर्ष
2- राजीव उर्फ राजू पुत्र अभय राम सिंह निवासी 61/3 इंदिरा कॉलोनी, चक्खुवाला, कोतवाली, देहरादून, उम्र 50 वर्ष
3- श्रीमती बीना शर्मा पत्नी स्व0 आर0सी0 शर्मा , निवासी 40/1 बसंत विहार,
4- विनोद उनियाल पुत्र घनश्याम उनियाल, निवासी गैलेक्सी लैक्सोटिका अपार्टमेंट, 31 इन्दर रोड डालनवाला।
5- अजय खन्ना, पुत्र जे0पी0 खन्ना निवासी: 12 ई०सी० रोड, डालनवाला, देहरादून
-बरामदगी –
1- घटना में प्रयुक्त 02 तमंचे 315 बोर, जिंदा /खोखा कारतूस
2- घटना मे प्रयुक्त स्कूटी

अर्जुन शर्मा हत्याकांड में डॉक्टर समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मृतक की पत्नी ने सास पर भी लगाए आरोप, आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की टीमें गठित, सीसीटीवी व सर्विलांस से जुटाई जा रही जानकारी
देहरादून। राजधानी देहरादून के डालनवाला क्षेत्र में हुई अर्जुन शर्मा की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक अर्जुन शर्मा की पत्नी अभिलाषा शर्मा (निवासी 41/1 बसंत विहार, देहरादून ) ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अपनी सास बीना शर्मा सहित तीन अन्य लोगों पर पति की हत्या कराए जाने का शक जताया है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि बीना शर्मा का विनोद उनियाल, संगीता उनियाल तथा एस.के. मेमोरियल हॉस्पिटल से जुड़े डॉ. अजय खन्ना के साथ पैसों का लेन-देन चल रहा था। अर्जुन शर्मा इस लेन-देन का विरोध कर रहे थे, जिसके चलते उनका अपनी माता के साथ विवाद भी चल रहा था। यह मामला न्यायालय में भी लंबित बताया गया है।
अभिलाषा शर्मा ने आशंका व्यक्त की है कि उक्त विवाद के कारण इन सभी व्यक्तियों द्वारा उनके पति की हत्या कराई गई है। शिकायत के आधार पर कोतवाली डालनवाला में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गौरतलब है कि करोड़ों रुपए के लेन देन के मामले में अजय शर्मा का आरोपियों से विवाद चल रहा था। इस बाबत पुलिस को पूर्व में दी गयी सूचना में अजय शर्मा ने जान को खतरा बताया था।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। साथ ही पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के माध्यम से भी घटना से जुड़े संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है।

देहरादून। राजधानी देहरादून में एक और मर्डर हो गया है. आज बुधवार को दिनदहाड़े व्यस्त तिब्बती मार्किट में एक व्यक्ति को गोली मार दी गई. घटना के बाद घायल शख्स को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. मारे गए शख्स की पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है। व्यक्ति की हत्या के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी है. फॉरेंसिक की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार डालनवाला कोतवाली इलाके में स्थित तिब्बती मार्केट में 40 साल के शख्स को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी. गोली मारने के बाद वो लोग फरार हो गए. गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की ओर दौड़े. वहां एक शख्स को लोगों ने तड़पता देखा. उसके शरीर से खून बह रहा था. इसी दौरान किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल शख्स को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल ले जाने तक घायल शख्स का काफी खून बह चुका था. जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. युवक को गोली मारने की सूचना मिलने के बाद एसएसपी दून अस्पताल पहुंचे. गोली मारने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देहरादून पुलिस ने पूरे शहर की नाकेबंदी कर दी है. सभी चेक पोस्ट पर चेकिंग अभियान चल रहा है।
पुलिस के अनुसार 40 साल के अर्जुन शर्मा का घर आईटीबीपी में है. वो जीएमएस रोड पर फर्म अमर दीप के नाम से भारत गैस एजेंसी के मालिक थे. अर्जुन तिब्बती मार्किट के सामने परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आते थे. आज भी वो टेनिस खेल कर वापस घर जा रहे थे. इसी दौरान दो युवकों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी.
पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड के पीछे करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी का विवाद बताया जा रहा है. ये भी बताया जा रहा है कि अर्जुन शर्मा और उनके भाई को उनकी मां ने प्रॉपर्टी से बेदखल कर रखा था।
तिब्बती मार्केट में 40 साल के शख्स की हत्या के साथ देहरादून जिले में दो हफ्ते के अंदर ये चौथा मर्डर है. इनमें तीन मर्डर महिलाओं के हुए हैं. 29 जनवरी को विकासनगर इलाके में छात्रा की हत्या हुई थी. इसके बाद 31 जनवरी को ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या की गई थी. फिर 2 फरवरी को देहरादन के मच्छी बाजार में गुंजन नाम की युवती की हत्या कर दी गई थी. इन घटनाओं ने राजधानी देहरादून में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी।
देहरादून जिले में 14 दिन के अंदर हुए 4 हत्याकांड
29 जनवरी को विकासनगर में 18 साल की छात्रा की हत्या
31 जनवरी को ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या
02 फरवरी को देहरादून में युवती की गला रेतकर हत्या
11 फरवरी को देहरादून में 40 साल के शख्स की गोली मारकर हत्या।











