‘रोमियो लेन’ बार कांड पर पुलिस मुख्यालय सख्त: 24 घंटे में विस्तृत रिपोर्ट तलब

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में राजपुर राजपुर रोड स्थित ‘रोमियो लेन’ बार को बंद करने को लेकर देर रात दो पुलिस अधिकारियों के बीच हुए घटनाक्रम को लेकर पुलिस मुख्यालय ने कड़ा रुख अपनाते हुए मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर घटना की खबर प्रकाशित होने के बाद उच्च अधिकारियों ने इसे कानून-व्यवस्था से जुड़ा संवेदनशील मामला मानते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी निर्देशों में अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप तथा देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल को पूरे घटनाक्रम की बिंदुवार, तथ्यात्मक और स्पष्ट आख्या 24 घंटे के भीतर प्रस्तुत करने के लिए कहा है।

सूत्रों के अनुसार, रिपोर्ट में घटना के दौरान मौजूद पुलिस बल की भूमिका, बार प्रबंधन की जिम्मेदारी, सुरक्षा मानकों के पालन, और किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की विस्तृत जांच शामिल होगी। इसके अलावा यह भी देखा जाएगा कि घटना के समय कानून-व्यवस्था बनाए रखने में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई।

पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही, कर्तव्य में कमी या नियमों की अनदेखी सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस घटनाक्रम ने स्थानीय स्तर पर भी हलचल पैदा कर दी है और आमजन के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में पुलिस मुख्यालय की यह त्वरित कार्रवाई यह दर्शाती है कि सरकार और पुलिस प्रशासन कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं हैं।अब सभी की निगाहें आने वाली जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह तय होगा कि इस पूरे मामले में जिम्मेदारी किसकी बनती है और आगे क्या कठोर कदम उठाए जाते हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!