वीडियो; शराब की दुकान के विरोध के दौरान अभद्रता पर चमोली ने की कार्रवाई की मांग 

4

 

 

देवप्रयाग में प्रस्तावित शराब की दुकान के विरोध के दौरान एक क्षेत्रीय जन प्रतिनिधि से अभद्रता पर जिला आबकारी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग

देहरादून। देवप्रयाग में प्रस्तावित शराब की दुकान को लेकर चल रहे विरोध के बीच एक नया विवाद खड़ा हो गया है। शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला आबकारी अधिकारी द्वारा कथित रूप से स्थानीय पूर्व प्रधान एवं जनप्रतिनिधि नेत्र सिंह के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की घटना पर कांग्रेस नेता संदीप मोहन चमोली ने कड़ी निंदा की है।

चमोली ने बताया कि देवप्रयाग क्षेत्र में प्रस्तावित शराब की दुकान के विरोध में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे थे। इसी दौरान जिला आबकारी अधिकारी के.पी. सिंह और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान अधिकारी द्वारा पूर्व प्रधान एवं जनप्रतिनिधि नेत्र सिंह के साथ अभद्रता की गई, जिससे क्षेत्र के लोगों में आक्रोश फैल गया।

इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता एवं पीसीसी सदस्य, धर्मपुर विधानसभा संदीप मोहन चमोली एडवोकेट ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि या आम नागरिक के साथ इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है और इससे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े होते हैं।

संदीप मोहन चमोली ने सरकार और आबकारी आयुक्त से मांग की है कि जिला आबकारी अधिकारी के.पी. सिंह को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटाया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आगामी 18 तारीख तक आबकारी आयुक्त द्वारा इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो 19 तारीख वीरवार को आबकारी आयुक्त कार्यालय का घेराव किया जाएगा। साथ ही कार्यालय में तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक संबंधित अधिकारी को उनके पद से नहीं हटाया जाता और मामले में न्यायसंगत कार्रवाई नहीं होती। वहीं स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करने की मांग की है।