शर्मनाक; 10 वर्षीय मासूम से दरिंदगी करने वाला 65 साल का दुष्कर्मी गिरफ्तार

6

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में पछवादून से एक बेहद ही शर्मनाक मामला सामने आया जिसमें एक 65 वर्षीय दरिंदे ने 10 साल की मासूम के साथ दरिंदगी कर फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के मुताबिक सहसपुर क्षेत्र की एक महिला ने कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि अभियुक्त ने उसकी 10 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर एक ‘घराट’ (आटा चक्की) के अंदर बुलाया और वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

मामले की संवेदनशीलता और पीड़िता की कम उम्र को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून ने तत्काल कड़े निर्देश जारी किए। पुलिस ने बिना समय गंवाए अभियुक्त के खिलाफ मु0अ0स0 – 55/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं और पोक्सो (POCSO) अधिनियम की धारा 3/4 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सहसपुर कोतवाली में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए और त्वरित सुरागरसी कर घटना के दिन ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान बलजीत पुत्र स्वर्गीय सुकला (उम्र 65 वर्ष), निवासी इन्द्रीपुर के रूप में हुई है। बलजीत का सहसपुर आसन नदी पुल के पास घराट ( पनचक्की) है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त को विधिक कार्रवाई के बाद समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर पुलिस बेहद गंभीर है। इस त्वरित गिरफ्तारी ने स्थानीय जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को और सुदृढ़ किया है। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दे।