श्रमिकों का शोषण कर रहा श्रम विभाग, कांग्रेस सेवादल ने किया देहरादून कार्यालय पर जबरदस्त प्रदर्शन

MS Malik
By
3 Min Read

सीएम के अंतर्गत आता है श्रम विभाग, अधिकारी बने हुए हैं संवेदनहीन : पुरोहित

देहरादून। श्रमिकों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस सेवा दल ने आज अजबपुर कलां स्थित श्रम विभाग के कार्यालय पर जबरदस्त धरना प्रदर्शन किया l पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता कांग्रेस सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित एवं प्रदेश प्रवक्ता भास्कर चुग के नेतृत्व मे कार्यालय पर पहुंचे l मौके पर किसी भी अधिकारी को मौजूद ना पाकर कांग्रेस सेवा दल के तमाम कार्यकर्ता वही सहायक श्रम आयुक्त केके गुप्ता के कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गए और विभाग के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।

इस मौके पर कांग्रेस सेवादल प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अधिकारी श्रमिकों का भयंकर शोषण कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि इस विभाग के अधिकारियों की संवेदना मर चुकी है l मृतक श्रमिकों के आश्रितों को तथा श्रमिकों की पुत्रियों के विवाह हेतु दी जाने वाली आर्थिक सहायता एक साल से अधिक समय से लंबित है। मृतक आश्रित की सहायता के पूरे प्रदेश में लगभग दो हजार मामले पेंडिंग है जिनमें से 150 से अधिक मामले तो सिर्फ विकास नगर के आसपास के हैं। इसी प्रकार श्रमिक की पुत्री के विवाह हेतु मिलने वाली आर्थिक सहायता के 250 से अधिक मामले विकास नगर तथा आसपास के क्षेत्रों के भुगतान न दिए जाने के कारण पेंडिंग हैं l विभाग द्वारा लगभग 4 साल से श्रमिकों को नियमानुसार साइकिल सिलाई मशीन टूल किट कंबल आदि सामग्री भी वितरित नहीं की गई है।


कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश प्रवक्ता भास्कर चुग ने कहा कि अनेक श्रमिकों के मृतक होने के पश्चात उनके परिवार को मिलने वाली आर्थिक सहायता के आवेदन तक निरस्त कर दिए गए हैं। इसके अलावा भी कई अन्य मामले हैं जिनके प्रति विभागीय अधिकारी संवेदनहीन बने हुए हैं l उन्होंने कहा कि श्रमिकों के इस भुगतान को देने में सरकार का अपना एक पैसा नहीं लगता बल्कि यह श्रमिकों का अपना पैसा है जो कि लेबर सेस के माध्यम से वसूल किया जाता है और यह श्रमिकों के कल्याण में ही खर्च किया जाना एक बाध्यता है। उन्होंने कहा कि 7 दिन के अंदर यदि श्रमिकों की समस्याओं का समाधान नहीं होता तो कांग्रेस सेवादल इस आंदोलन को और बड़े स्तर पर चलाने को बाध्य होगा। मुख्यमंत्री को ज्ञापन इस मौके पर उप श्रमायुक्त मधु नेगी चौहान को सौंपा गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मनोज शर्मा, चंद्रप्रकाश, पीयूष गौड़, विनीत अग्रहरि गुप्ता, शीला श्रीवास्तव, सावित्री थापा, कासिम अली, सोमपाल, विनय जयसवाल, गोपाल सिंह गढ़िया, पंडित संदीप धूलिया,सावित्री थापा, जहांगीर, राजकुमार यादव, ललित कुमार थपलियाल, कृष्णपाल, जाबिर मलिक, मोहम्मद दानिश सहित तमाम सेवादल कार्यकर्ता शामिल रहे

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!