हरियाणा के पर्यटकों का हुड़दंग: दुकानदारों से गाली -गलौज और मारपीट, पुलिस ने 9 को पकड़ा 

2

 

देहरादून। पर्यटन नगरी मसूरी में देर रात हरियाणा से आए पर्यटकों का हुड़दंग उस समय भारी पड़ गया, जब सार्वजनिक मार्ग पर बीच सड़क बैठकर वीडियो बनाने और आवागमन बाधित करने से रोकने पर विवाद बढ़ गया। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली मसूरी पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कुल नौ लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, घटना तड़के करीब चार बजे अम्बेडकर चौक के पास नगर पालिका बैरियर पर हुई। हरियाणा से आए कुछ युवक नगर पालिका द्वारा लगाए गए बैरियर पर बैठकर बीच सड़क पर वीडियो बना रहे थे। इस दौरान उनके कारण सार्वजनिक मार्ग पर आवागमन बाधित होने लगा और मौके पर हुड़दंग की स्थिति बन गई। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने युवकों को सार्वजनिक स्थान पर इस तरह बैठकर मार्ग बाधित नहीं करने और वहां से हटने के लिए कहा। आरोप है कि इस पर युवक भड़क गए और उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर उपद्रव और शोर-शराबे के कारण सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई।

मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रात्रि अधिकारी के साथ चीता मोबाइल लाइब्रेरी, कुलड़ी और लंढौर की टीमों को मौके पर रवाना किया। पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और वहां मौजूद दोनों पक्षों को आवश्यक पूछताछ एवं वैधानिक कार्रवाई के लिए कोतवाली मसूरी ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक क्षेत्र में उपद्रव, हुड़दंग और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले कुल नौ व्यक्तियों को मौके से पकड़ा गया। पुलिस ने प्रकरण से संबंधित आवश्यक तथ्यों की जानकारी जुटाने के बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट की सुसंगत धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की।

घटना ने एक बार फिर पर्यटन नगरी में देर रात सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने की चुनौती को सामने ला दिया है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग बाधित करने, शांति व्यवस्था प्रभावित करने अथवा किसी भी प्रकार का उपद्रव करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मसूरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मौके पर बढ़ रहा विवाद नियंत्रित हुआ और किसी बड़े टकराव की स्थिति बनने से पहले ही स्थिति संभाल ली गई।