देहरादून। शुक्रवार को एक बार फिर से दून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलते ही कोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराया गया। जांच के लिए बम निरोधक दस्ता की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। इससे पहले बुधवार को भी दून कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल मिला था। नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग के बाद देहरादून जिला न्यायालय परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली।
जिला जज को आए ई-मेल के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और पूरे परिसर को खाली करा दिया गया। बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वाड के साथ पुलिस ने परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया। बुधवार को भी जज, स्टाफ, अधिवक्ता समेत न्यायालय परिसर में मौजूद सभी लोगों को बाहर निकाला गया। करीब दो घंटे की इस भारी भरकम कसरत के बाद पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। इस दौरान कचहरी में कामकाज पूरी तरह बंद रहा।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार का कहना हैं की जिला जज कार्यालय से सूचना प्राप्त हुई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने ई-मेल के माध्यम से कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी ती। सूचना का त्वरित संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर टीम मौके पर पहुंची। तत्काल कोर्ट परिसर को खाली कराते हुए सघन जांच की गई। किसी भी प्रकार की कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई।














