आधी रात पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली दूसरा फरार

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

राजधानी में बैंक कर्मी पर जानलेवा हमले के बाद पुलिस के रडार पर थे दोनों, मुठभेड़ में तमंचा-कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से हड़कंप मच गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में हरिद्वार निवासी अंकित चौहान (25) के पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में इलाके में सर्च अभियान शुरू कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध पुलिस के हत्थे चढ़े। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों ने भागने की कोशिश की। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। बदमाशों की फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर अंकुर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली। मौके से एक देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है। बरामद सामान को लेकर पुलिस जांच कर रही है। बाइक और हथियार के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, अंकित चौहान और फरार अंकुर पर 8 सितंबर को बड़ोवाला क्षेत्र में बैंक कर्मी सत्यम कुमार पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही थी। मुठभेड़ में घायल अंकित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उससे पूछताछ के जरिए हमले में दोनों की भूमिका और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश करेगी। अंकुर के फरार होने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया है। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही पुलिस आसपास के रास्तों और क्षेत्रों में भी तलाश कर रही है।पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामले दर्ज हैं या नहीं। फिलहाल मुठभेड़ के बाद पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!