कप्तान साहब ने दो पुलिसकर्मियों को किया लाइन हाजिर

2

 

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को प्रेमनगर थाना क्षेत्र के केहरी गांव और आसपास लंबा जाम लगा हुआ था। सूचना पर पुलिस को तत्काल मौके पर भेजा गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि केहरी गांव स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के आसपास बड़ी संख्या में वाहन अव्यवस्थित तरीके से खड़े थे, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो रहा था।

पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाना शुरू किया और यातायात को सुचारू करने के प्रयास किए। इसी दौरान संस्थान के बाहर मुख्य मार्ग पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी खड़े थे, जिससे स्थिति और बिगड़ रही थी। पुलिस ने सभी को वहां से हटने के निर्देश दिए। अधिकांश छात्र-छात्राओं ने पुलिस की बात मानते हुए स्थान खाली कर दिया, लेकिन कुछ युवकों ने पुलिस से बहस शुरू कर दी और कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की।

स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद हालात काबू में आए। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे मामला और तूल पकड़ गया। वीडियो के संज्ञान में आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वीडियो में नजर आ रहे पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। इसके साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक राजपत्रित अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।