कांग्रेस महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत कई अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज

7

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में नर्सिंग बेरोजगारों के आंदोलन के दौरान उत्तराखण्ड महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला अपने समर्थकों के साथ परेड ग्राउंड स्थित पेयजल विभाग की पानी की टंकी पर चढ़ गईं थी। 50-55 घंटों तक चले हाईवोल्टेज प्रदर्शन के बाद शासन द्वारा मिले आश्वासन के बाद वह लोग टंकी से उतरे थे। अब पुलिस ने ज्योति रौतेला समेत अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 11 मई को नर्सिंग बेरोजगार संगठन से जुड़े प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर परेड ग्राउंड पहुंचे थे। इसी दौरान ज्योति रौतेला अपने सहयोगियों के साथ प्रतिबंधित पानी की टंकी परिसर में पहुंचीं और टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नीचे उतरने को तैयार नहीं हुए।

टंकी के नीचे बड़ी संख्या में नर्सिंग बेरोजगार और अन्य समर्थक धरना-प्रदर्शन करते रहे। पूरे क्षेत्र में नारेबाजी और भारी भीड़ के चलते स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात करना पड़ा, जबकि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पुलिस बल मौजूद रहा।

मामला तब और गंभीर हो गया था जब आंदोलन के दौरान ज्योति रौतेला द्वारा कथित रूप से अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की चेतावनी दी गई।बताया गया कि उन्होंने माचिस निकाल ली थी, जिसके बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उन्हें ऐसा कदम न उठाने की अपील की। इस घटना से पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।

इसी बीच नर्सिंग एकता मंच और अन्य संगठनों से जुड़े प्रदर्शनकारी परेड ग्राउंड से निकलकर मुख्य सड़क पर पहुंच गए और सड़क जाम कर दी। सड़क जाम होने से शहर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई और आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने बातचीत कर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया और मार्ग खुलवाया। लगातार बढ़ते दबाव और आत्मदाह की चेतावनी को देखते हुए 13 मई को प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों की मांगों का प्रस्ताव शासन को भेजा। इसके बाद प्रशासन के आग्रह पर ज्योति रौतेला अपने चार साथियों के साथ पानी की टंकी से नीचे उतर आईं। पूरे घटनाक्रम को गंभीर मानते हुए कोतवाली डालनवाला पुलिस ने मुकदमा संख्या 74/2026 दर्ज किया है।

पुलिस ने ज्योति रौतेला और अन्य सहयोगियों पर सड़क जाम कर आमजन के आवागमन में बाधा डालने, सरकारी कार्यों में अवरोध उत्पन्न करने, लोक सेवकों के आदेशों की अवहेलना करने तथा ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग कर आत्मदाह की धमकी देने जैसे आरोप लगाए हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 221, 223, 226, 292, 329(3) तथा पेट्रोलियम अधिनियम की धारा 23 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।