बुजुर्ग चोर गैंग’ का पर्दाफाश, लाखों की ज्वेलरी के साथ छह गिरफ्तार

5

 

खरीदारी के बहाने ज्वैलर्स की दुकानों में घुसकर देते थे वारदात को अंजाम

देहरादून। राजधानी देहरादून में ज्वैलरी दुकानों को निशाना बनाने वाले एक शातिर ‘बुजुर्ग गैंग’ का पुलिस ने खुलासा करते हुए महाराष्ट्र के छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई छह सोने की चेन बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत लगभग सात लाख रुपये बताई जा रही है। गिरोह में एक 80 वर्षीय महिला और 76 वर्षीय बुजुर्ग भी शामिल हैं, जिसके चलते दुकानदार आसानी से उन पर शक नहीं करते थे।

डोईवाला पुलिस के अनुसार 10 मई 2026 को कंचन ज्वैलर्स के मालिक सुरेन्द्र कुमार कक्कड़ ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 मई को कुछ महिला और पुरुष ग्राहक बनकर उनकी दुकान में आए और बातचीत में उलझाकर दुकान से छह सोने की चेन चोरी कर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान की दिशा में काम शुरू किया। साथ ही पूर्व में इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे अपराधियों का भी सत्यापन किया गया।

लगातार प्रयासों के बाद 13 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर मौजूद हैं और ट्रेन से महाराष्ट्र भागने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर एक महिला सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—
पांडुरंग पवार (76 वर्ष), जिला रायगढ़, महाराष्ट्र
वासुदेव नामदेव शिंदे (57 वर्ष), जिला थाणे, महाराष्ट्र
सतीश नामदेव शिंदे (39 वर्ष), जिला थाणे, महाराष्ट्र
मनीष मनोहर मोरे (46 वर्ष), जिला थाणे, महाराष्ट्र
मंगेश सुर्वे (34 वर्ष), जिला रायगढ़, महाराष्ट्र
विमल जाधव (80 वर्ष), जिला सतारा, महाराष्ट्र

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे टोली बनाकर अलग-अलग शहरों में ज्वैलर्स की दुकानों को चिन्हित करते थे। इसके बाद सभी सदस्य ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश करते थे। कुछ आरोपी दुकानदार को मोलभाव और खरीदारी की बातों में उलझा लेते थे, जबकि अन्य सदस्य मौका पाकर कीमती आभूषण चोरी कर लेते थे। गिरोह में अधिकतर सदस्य बुजुर्ग होने के कारण दुकानदार उन पर आसानी से भरोसा कर लेते थे और यही उनकी सबसे बड़ी चाल थी। वारदात के तुरंत बाद आरोपी ट्रेन के जरिए महाराष्ट्र लौट जाते थे।

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी अन्य राज्यों में भी इसी तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। देहरादून में भी उन्होंने कई अन्य ज्वैलर्स दुकानों में चोरी का प्रयास किया था, लेकिन दुकानदारों की सतर्कता के चलते सफल नहीं हो सके। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सभी छह सोने की चेन बरामद कर ली हैं। बरामद ज्वैलरी की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब गिरोह के आपराधिक इतिहास और अन्य राज्यों में उनकी संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।