देहरादून/टिहरी। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद टिहरी जिले के प्रतापनगर क्षेत्र स्थित देवल गांव पहुंचे, जहां उन्होंने 7 जून की घटना में मृत दलित युवक केतन लाल के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दलित समाज के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
देवल गांव पहुंचने से पहले नरेंद्रनगर में पुलिस ने सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले को रोक दिया। इस दौरान सांसद और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। काफी देर तक चले विवाद के बाद सांसद ने पुलिस के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि एक जनप्रतिनिधि के साथ अनुचित व्यवहार किया गया है।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि वह एक सांसद होने के नाते पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे, लेकिन पुलिस द्वारा उन्हें अनावश्यक रूप से रोका गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि पूरे घटनाक्रम को संसद की विशेषाधिकार समिति के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधियों को ही अपने दायित्व निभाने से रोका जाएगा, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।देवल गांव में पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान सांसद ने घटना की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। अब इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है, जबकि सांसद द्वारा विशेषाधिकार समिति में मामला उठाने की चेतावनी ने इस पूरे प्रकरण को और अधिक चर्चा का विषय बना दिया है।












