श्रीनगर/देहरादून। उत्तराखंड में खादी एवं ग्रामोद्योग को नई मजबूती देने की दिशा में सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने सोमवार को श्रीनगर स्थित उत्तराखंड खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के क्षेत्रीय अधीक्षक उद्योग (ऊन) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री चौधरी ने कार्यालय परिसर में संचालित विभिन्न कार्यशालाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया, मशीनों की स्थिति और तैयार हो रहे उत्पादों की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट भी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उत्पादों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी स्वीकार नहीं की जाएगी, क्योंकि बेहतर गुणवत्ता ही स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार दिला सकती है।
मंत्री चौधरी ने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग न केवल पारंपरिक विरासत को संरक्षित करता है, बल्कि यह प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को नवाचार अपनाने, डिज़ाइन सुधारने और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन करने की सलाह दी, ताकि स्थानीय कारीगरों की आय में वृद्धि हो सके।
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों ने यूनिट संचालन में आ रही विभिन्न समस्याओं—जैसे संसाधनों की कमी, तकनीकी बाधाएं और विपणन से जुड़ी चुनौतियां—को मंत्री के सामने रखा। इस पर मंत्री चौधरी ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने यह भी दोहराया कि राज्य सरकार खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए नई योजनाएं, वित्तीय सहायता और प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं। चौधरी के इस निरीक्षण को खादी सेक्टर में सुधार और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।










