देहरादून। राजधानी देहरादून में चंद्रबनी क्षेत्र के लोगों ने रविवार को नेशनल हाईवे निर्माण कार्य के विरोध में प्रदर्शन करते हुए ग्रीन एवेन्यू कॉलोनी, चोयला पट्टियों वाला में चल रहे कलवर्ट और जल निकासी नालों के निर्माण कार्य को रुकवा दिया। प्रदर्शन भाजपा पार्षद सुमन बुटोला के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और महिलाएं शामिल रहीं। क्षेत्रीय जनता का आरोप है कि नेशनल हाईवे निर्माण के दौरान जल निकासी की व्यवस्था तकनीकी रूप से सही तरीके से नहीं की जा रही है, जिससे बरसात के दौरान पानी आबादी वाले क्षेत्रों में घुसने का खतरा बढ़ सकता है।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रही भाजपा पार्षद सुमन बुटोला ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के चलते करीब 50 वर्षों से उपयोग में आ रहे पट्टियों वाला से घराट होते हुए हरभजवाला तक के संपर्क मार्ग को भी बंद कर दिया गया है। यह मार्ग धर्मपुर और सहसपुर विधानसभा क्षेत्रों के हजारों ग्रामीणों की आवाजाही का प्रमुख मार्ग है।
भाजपा शिवालिक मण्डल के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद सुखबीर बुटोला ने बताया कि इस समस्या के संबंध में कई बार जनप्रतिनिधियों के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे क्षेत्र में लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। बुटोला ने मांग की है कि नेशनल हाईवे प्राधिकरण द्वारा जल्द से जल्द प्रभावी जल निकासी प्रणाली विकसित की जाए, ताकि बारिश के पानी को नियंत्रित किया जा सके और आबादी वाले क्षेत्रों को जलभराव से बचाया जा सके। साथ ही बंद किए गए संपर्क मार्ग के स्थान पर वैकल्पिक मार्ग की तत्काल व्यवस्था की जाए।
सुखबीर बुटोला ने चेतावनी देते हुए कहा कि आज तो सांकेतिक रूप से शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया है यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी व्यापक स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी। इस मौके पर क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सुमन बुटोला, पूर्व पार्षद सुखबीर बुटोला, मयंक सिंह गौर, पी.पी. सिंह, पूनम भटनागर, मनोज पंत, अनिल ढकाल, सागर थापा, मनोनिता राणा, प्रताप सिंह, राकेश कुकरेती, सुरज रावत, मोहित शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।












