दून आ रही जन शताब्दी एक्सप्रेस के डिब्बे में आग लगने से मचा हड़कंप

MS Malik
By
2 Min Read

देहरादून। हरिद्वार-देहरादून रेलवे ट्रैक पर कांसरो वन रेंज के जंगल में दिल्ली से देहरादून आ रही जनशताब्दी एक्सप्रेस की एक बोगी में अचानक आग लग गई। ट्रेन में आग लगने से हड़कंप मच गया। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को जंगल में ही रोक दिया। तत्काल डिब्बे को खाली कराया गया। इसके साथ ही इस डिब्बे रेलगाड़ी से अलग कर अन्य डिब्बों को सुरक्षित बचा लिया गया है। इस ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित है।

घटना शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। जनशताब्दी एक्सप्रेस जब राजाजी टाइगर रिजर्व की कंसरो रेंज से होकर गुजर रही थी तभी रेलगाड़ी के (सी 5) कोच में अचानक आग लग गई। कोच में मौजूद यात्रियों ने इमरजेंसी चेन खींचकर लोको पायलट को सूचना दी। लोको पायलट में तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रेलगाड़ी को कंसरो रेंज के नजदीक ही रोक दिया।

रेलगाड़ी के रुकते ही डिब्बे में मौजूद यात्री बाहर निकल आए। ट्रेन में मौजूद स्टाफ ने तुरंत ट्रेन के बीच में जुड़े इस (सी 5) कोच को काटकर शेष डिब्बों से अलग किया। गनीमत रही कि इस बीच किसी को भी नुकसान नहीं पहुंचा। देखते ही देखते पूरी बोगी आग की लपटों से घिर गई। जिस जगह पर यह हादसा हुआ वहां सिर्फ वन विभाग की चौकी मौजूद है।

सूचना पाकर वन विभाग के कर्मचारी अपने निजी संसाधनों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग बुझाने की कोशिश की, मगर आग इतनी भयानक थी कि कुछ देर में ही पूरा पूरी बोगी जल गई। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी व कांसरो वन रेंज के रेंज अधिकारी आरपी नौटियाल ने बताया कि किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

घटना के तुरंत बाद रेल लाइन की पावर सप्लाई भी कट गई थी। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। जिस जगह हादसा हुआ वह जगह राजाजी टाइगर रिजर्व की सघन वन क्षेत्र में है, जहां सड़क मार्ग से भी पहुंच आसान नहीं है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!