कांग्रेस ने दी चेतावनी—व्यवस्था नहीं सुधरी तो होगा बड़ा आंदोलन
देहरादून। प्रेमनगर उप चिकित्सालय से एक ही रात में कई डॉक्टरों के अचानक तबादले किए जाने से मंगलवार सुबह अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सुबह से इलाज के लिए पहुंचे सैकड़ों मरीज अस्पताल परिसर में डॉक्टरों का इंतजार करते रहे। भीषण गर्मी के बीच घंटों तक लंबी कतारों में खड़े मरीज और उनके परिजन डॉक्टरों के अभाव में परेशान नजर आए। कई मरीजों को बिना उपचार के ही वापस लौटना पड़ा, जिससे लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
कांग्रेस के प्रेमनगर ब्लॉक अध्यक्ष जितेन्द्र तनेजा ने बताया कि अस्पताल में लंबे समय से कई मरीजों का नियमित इलाज चल रहा है। जिन डॉक्टरों की देखरेख में मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति में सुधार हो रहा था, उनके अचानक तबादले से उपचार की निरंतरता टूट जाएगी। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए एक साथ इतने डॉक्टरों का तबादला क्यों किया गया, जबकि इसका सीधा असर आम जनता की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ना तय था।
कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पहुंचकर विरोध जताया। जिनमें प्रेमनगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा के साथ प्रेमनगर अध्यक्ष मोहित ग्रोवर, प्रदेश यूथ कांग्रेस के पूर्व महासचिव सुमित खन्ना, प्रदेश यूथ महासचिव रविन्द्र सिंह, कार्तिक बिरला, हरपाल सिंह, सुनील, कुलदीप नरूला, कार्तिक चावला सहित अन्य कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल के सीएमएस डॉ. परमार्थ जोशी से मुलाकात कर स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि अस्पताल में तत्काल नए डॉक्टरों की तैनाती कर स्वास्थ्य सेवाओं को सामान्य किया जाए, ताकि मरीजों को राहत मिल सके। कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार को भी इस पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द डॉक्टरों की नियुक्ति कर व्यवस्थाएं सुचारू नहीं की गईं तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता पहले ही गर्मी और बीमारियों से जूझ रही है, ऐसे समय में डॉक्टरों की कमी से लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है। उन्होंने सरकार से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने की मांग की।











