शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाना हम सभी की जिम्मेदारी : भूपेन्द्र सिंह नेगी

Astitva Times Desk
3 Min Read

राज्य स्थापना दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को किया याद

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न स्थानों पर राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर राजधानी देहरादून में वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेन्द्र सिंह नेगी ने शहीदों को नमन करते हुए उनके सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प दोहराया।

भूपेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन लंबे संघर्ष, जनआंदोलनों, त्याग और असंख्य शहादतों के परिणामस्वरूप हुआ है। यह राज्य किसी की कृपा से नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता के अथक संघर्ष और आंदोलनकारियों के अदम्य साहस से अस्तित्व में आया है। राज्य निर्माण के लिए अनेक लोगों ने अपना जीवन तक बलिदान कर दिया। उनके संघर्ष और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह आत्ममंथन करने का भी दिन है कि जिन उद्देश्यों और उम्मीदों को लेकर उत्तराखंड राज्य की मांग उठी थी, उन पर हम कितना आगे बढ़ पाए हैं। शहीदों ने एक ऐसे उत्तराखंड का सपना देखा था, जहां आम नागरिक को न्याय, सम्मान और समान अवसर मिलें तथा पहाड़ों से पलायन रुके, युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार मिले और गांवों का समुचित विकास हो।

नेगी ने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि राज्य का विकास केवल आंकड़ों और घोषणाओं तक सीमित न रहे, बल्कि उसका लाभ प्रदेश के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करते हुए पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। राज्य निर्माण आंदोलनकारियों की भावनाओं और अपेक्षाओं के अनुरूप उत्तराखंड का सर्वांगीण एवं संतुलित विकास सुनिश्चित करना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं, प्राकृतिक संपदा और वीरता की गौरवशाली विरासत से है। इस विरासत को संरक्षित रखते हुए प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

अंत में वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेन्द्र सिंह नेगी ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आइए, इस पावन अवसर पर हम सभी संकल्प लें कि शहीदों के सपनों, आंदोलनकारियों की भावनाओं और प्रदेश की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप एक समृद्ध, खुशहाल, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में अपना योगदान देंगे। यही राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!