देहरादून। उत्तराखण्ड क्रान्ति दल महानगर अध्यक्ष प्रबीन रमोला के नेतृत्व में प्रदेश की अस्थायी राजधानी देहरादून में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में प्रदेश सरकार का पुतला दहन द्रोण चौक में किया गया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष प्रवीण रमोला ने कहा कि प्रदेश की अस्थायी राजधानी देहरादून में जिस प्रकार से मात्र पंद्रह दिनों के भीतर चौथी हत्या की घटना घटित हुई है, उससे प्रदेश की कानून व्यवस्था पर लोगों का विश्वास कहीं न कहीं डगमगाया है। जिस प्रकार अपराधियों के हौसले बुलंद हुए हैं और खुलेआम किसी की जान लेने की घटनाएँ बढ़ी हैं, वह अत्यंत चिंताजनक है। देहरादून, जो कभी शांत शहर के रूप में जाना जाता था, आज अपराध की घटनाओं से दहल रहा है। पंद्रह दिनों के भीतर चार हत्याओं को अंजाम दिया जाना बेहद गंभीर विषय है।
इन घटनाओं का विश्लेषण करने पर यह भी सामने आया है कि जिन व्यक्तियों की हत्या हुई, उन्होंने पूर्व में पुलिस विभाग को खतरे की जानकारी दी थी, उसके बावजूद अपराधियों द्वारा घटनाओं को अंजाम दिया गया। यह स्थिति प्रदेश की कानून व्यवस्था तथा प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।
दल की केन्द्रीय महामंत्री किरण रावत ने कहा कि प्रदेश में जिस प्रकार हत्याओं का ग्राफ बढ़ रहा है, उससे प्रतीत होता है कि उत्तराखंड में अपराधियों के हौसले बुलंद हो चुके हैं। हल्द्वानी में भी एक साथ दो हत्याओं को अपराधियों द्वारा अंजाम दिया गया है, जिससे यह प्रतीत होता है कि जिस उत्तराखंड प्रदेश को देवभूमि के नाम से जाना जाता है, वह कहीं न कहीं अपराध व अपराधियों की भूमि बनती जा रही है।
दल ने चेतावनी दी है कि यदि प्रदेश में अपराधों पर शीघ्र अंकुश नहीं लगाया गया, तो संगठन जनआंदोलन के लिए बाध्य होगा। कार्यक्रम में दल के महानगर महामंत्री राजीव नौटियाल, निशिथ मनराल, भोला चमोली, अनूप बिष्ट, गजेंद्र नेगी, प्रेम पढ़ियार, रघुवीर राणा, कपिल कुमार, मुकेश कुंद्रा, बिहारी लाल जगूड़ी, संतोष नौटियाल, रामपाल, अशोक नेगी, मनोज कुमार, राजेंद्र प्रधान, आशीष नौटियाल बिपिन रावत सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










