देहरादून। राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता 2025 मे उत्तराखंड के विजयी खिलाड़ियों को सदस्य राज्यसभा एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने प्रमाण पत्र वितरित कर उनका हौसला बढ़ाया। देहरादून स्थित आइस स्केटिंग रिंक हिमाद्रि में आयोजित राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता 2025 के दौरान राज्य के मेधावी खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग में मेडल हासिल किए। प्रतियोगिता के प्रमाण पत्र हाल ही में आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड को उपलब्ध हुए हैं, जो भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने खिलाड़ियों को वितरित किए।

बता दें कि विगत वर्षों में आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के पास राज्य मे आइस स्केटिंग खेल मैदान ना होने पर भी यहाँ के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना कौशल दिखलाते हुए कई मेडल हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया है।
सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के सरकारी आवास पर आईस स्केटिंग ऐसोसिएशन आफ उत्तराखंड के बैनर तले आयोजित एक छोटे से समारोह के दौरान वर्ष 2025 राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को महेन्द्र भट्ट द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर भविष्य के खेलों के लिए आशीर्वाद दिया गया।

इस दौरान आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष शिव पैन्यूली ने बताया कि पिछले वर्षों में राज्य के आइस स्केटिंग खेल के मैदान की सुविधा ना होने पर भी राज्य के खिलाड़ियों ने कभी शिमला, गुड़गांव और कभी बैंकॉक, थाईलैंड, हांग कांग, फिलिपाइन्स, यूएई और कंबोडिया, सिंगापुर जाकर आइस स्केटिंग रिंक और वहाँ के प्रशिक्षकों द्वारा महंगा प्रशिक्षण लेकर राष्टीय अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य की छाप छोड़ी है।
उन्होंने बताया कि राज्य के खिलाड़ियों ने वर्तमान तक तकरीबन 50 से अधिक राष्ट्रीय मेडल और 7 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मेडल हासिल कर राज्य की झोली में डालकर उत्तराखंड का नाम गौरवान्वित किया है। अंतरराष्ट्रीय खेलों में राज्य की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी निष्टा पैन्यूली ने तो अन्तरराष्ट्रीय आईस स्केटिंग जगत में मेडल फॉर ओलिम्पिक्स स्पिरिट प्राप्त कर कीर्तिमान स्थापित किया है। आज वो संपूर्ण भारत की एक मात्र महिला आइस स्केटिंग जज देश को प्राप्त है।
मुख्य अतिथि महेंद्र भट्ट ने खिलाड़ियों को आश्वस्त कर कहा कि माननीय प्रधानमंत्री की देश में खेलों को बढ़ावा देने की विशेष योजनाओं के अन्तर्गत देश के खिलाड़ियों को हर तरह की सहायता केंद्र व राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही है। उन्होंने वर्ष 2025 में राज्य में आयोजित हुई राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की सफलता का जिक्र कर कहा कि जिस प्रकार राज्य सरकार ने सफलता का परचम लहराया है वह देश के कोने-कोने से आए हर खिलाड़ी, प्रशिक्षक सहित आयोजकों के लिए निश्चय ही यादगार रहेगा।










