यूपी में एमएलसी चुनाव हुआ रोचक, बीजेपी समर्थित 11वें प्रत्याशी ने बढ़ाई अखिलेश की परेशानी

MS Malik
By
2 Min Read

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 12 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिये सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी के 10 प्रत्याशियों ने नामजदगी के पर्चे दाखिल कर दिये। भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने के थोड़ी ही देर बाद कानपुर के महेश चंद्र शर्मा ने भी नामांकन दाखिल किया। इससे 12 सीटों पर होने वाला चुनाव रोचक हो गया है। अब मैदान में कुल 13 प्रत्याशी हैं।

बता दें कि महेश चंद्र को भाजपा का ही प्रत्याशी माना जा रहा है। दरअसल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन के पश्चात कहा था कि अभी कुछ ही देर में 11वें प्रत्याशी का पता चल जाएगा। शर्मा के नामांकन के साथ ही सपा मुखिया अखिलेश यादव की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अब सपा के दोनों प्रत्याशियों का विधान परिषद जाना मुश्किल में पड़ गया है। समाजवादी पार्टी ने अहमद हसन व राजेंद्र चौधरी के रूप में दो उम्मीदवार उतारे हैं और दोनों पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं। अहमद हसन सपा के पहले तथा राजेन्द्र चौधरी दूसरे प्रत्याशी हैं।

इस महीने की अंतिम तारीख 31 को विधान परिषद की 12 सीटें रिक्त हो रही हैं। जिसके लिए भाजपा ने अपने प्रत्याशियों के नाम पहले ही घोषित कर दिये थे। भाजपा प्रत्याशियों में उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, अरविंद कुमार शर्मा, लक्ष्मण आचार्य, गोविंद नारायण शुक्ला, कुंवर मानवेंद्र सिंह, सलिल विश्नोई, अश्वनी त्यागी, धर्मवीर प्रजापति और सुरेंद्र चौधरी ने नामसंकन दाखिल किया। भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। नामांकन पत्रों की जांच आज मंगलवार को होगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!