राजपुर एवं जाखन वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार राष्ट्रीय दलों पर पड़ रहे भारी

MS Malik
By
4 Min Read

अस्तित्व टाइम्स

देहरादून। प्रदेश में हो रहे नगर निकाय चुनाव अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गए है। प्रदेश के सभी निकायों के साथ ही कल 23 जनवरी को नगर निगम देहरादून में भी मेयर एवं पार्षद पदों के लिए मतदान होगा। नगर निगम का रण जीतने के लिए दोनों राष्ट्रीय दलों कांग्रेस एवं भाजपा ने पूरा जोर लगाया हुआ है। वहीं कई वार्डो में निर्दलीय प्रत्याशी भी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। क्षेत्र में उनकी मजबूती दोनों राष्ट्रीय दलों के लिए खतरा बनती दिख रही है।

दून विहार जाखन वार्ड में निवर्तमान पार्षद संजय नौटियाल की पत्नी भाजपा प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं, तो कांग्रेस ने अनुपमा भारद्वाज को टिकट दिया है। वहीं, वर्ष 2018 के पिछले चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़कर मात्र 40 वोटो से हारे अनूप सक्सेना ने इस बार भी मैदान में ताल ठोक दी है उन्होंने अपनी पत्नी रीनू डोभाल को यहां से चुनाव मैदान में उतारा है। रीनू डोभाल जो कि कांग्रेस के साथ ही भाजपा के लिए खतरा बनते दिख रही है। दरअसल इस क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता यहां से रीनू डोभाल के लिए टिकट मांग रहे थे। परंतु पार्टी ने अनुपमा भारद्वाज को टिकट दिया है। ऐसे ही भाजपा के कई कार्यकर्ता महिला सीट होने पर क्षेत्र में पार्टी की वरिष्ठ नेता भावना बिष्ट के लिए टिकट की मांग कर रहे थे। भाजपा ने यहां निवर्तमान पार्षद संजय नौटियाल की पत्नी को ही प्रत्याशी बनाया है। जिसके चलते दोनों ही पार्टियों में भीतरघात की स्थिति नजर आ रही है। उसका सीधा फायदा रीनू डोभाल सक्सेना को मिलता दिख रहा है। पिछले चुनाव में कांग्रेस इस वार्ड में तीसरे स्थान पर खिसक गई थी इस बार भी वहीं स्थिति बनती दिख रही है। जिसको देखते हुए ऐसा लग रहा है कि यहां चुनाव भाजपा एवं निर्दलीय प्रत्याशी के बीच होगा। निर्दलीय प्रत्याशी रीनू डोभाल सक्सेना को दोनों पार्टियों के नाराज नेताओं का समर्थन और भी बहुत अधिक मजबूती प्रदान कर रहा है।

ऐसे ही राजपुर वार्ड में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के बहुत करीबी भाजपा से टिकट के प्रबल दावेदार रहे चालंग के पूर्व प्रधान समीर पुंडीर ने अपने भाई की पत्नी महिमा पुंडीर को निर्दलीय प्रत्याशी बनाकर चुनाव मैदान में उतार दिया है। समीर पुंडीर यहां से महिमा पुंडीर के लिए टिकट मांग रहे थे परंतु बीजेपी ने यहां अलका कुल्हान को टिकट दिया है। कांग्रेस से यहां से निवर्तमान पार्षद उर्मिला थापा को ही प्रत्याशी बनाया है। थापा मजबूत स्थिति के साथ चुनाव मैदान में डटी हुई है। इस वार्ड में भी मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी उर्मिला थापा एवं निर्दलीय प्रत्याशी महिमा पुंडीर के बीच माना जा रहा है। हालांकि भाजपा से जुड़े क्षेत्र के दिग्गज नेता अलका कुल्हान के लिए जी जान से लगे हुए हैं इसलिए इस वार्ड में त्रिकोणीय मुकाबला भी देखने को मिल सकता है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!