रूसी हमले के बाद यूक्रेन ने बंद किया एयर स्पेस, दिल्ली वापस लौटा एयर इंडिया का विमान

MS Malik
By
2 Min Read

नई दिल्ली। रूस ने यूक्रेन पर सैन्य हमला कर दिया है। इस दौरान एयरपोर्ट और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। इसे देखते हुए यूक्रेन ने अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर लिया है। इस वजह से भारतीयों को वापस लाने के लिए कीव के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का एक विमान दिल्ली वापस लौट आया है। एयरलाइन ने कहा कि एयर इंडिया की उड़ान एआई-1947 वापस आ गई है, क्योंकि कीव में नोटम जारी किया गया है। यूक्रेनी अधिकारियों ने एक नोटम (एयरमेन को नोटिस) जारी किया है। इसके मुताबिक, गुरुवार सुबह से यूक्रेन के भीतर नागरिक विमानों की उड़ानें प्रतिबंधित हैं। एयर इंडिया और केंद्र सरकार ने इस नोटिस के बाद विमान को दिल्ली वापस बुलाने का फैसला किया। अधिकारियों ने कहा कि विमान ने दिल्ली लौटने के लिए ईरानी हवाई क्षेत्र से यू-टर्न लिया।

आपको बता दें कि दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (आईजीआईए) से सुबह करीब साढ़े सात बजे कीव के बॉरिस्पिल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के लिए उड़ान शुरू हुई थी। इस बीच कीव से यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस का एक विमान गुरुवार सुबह करीब 7.45 बजे दिल्ली हवाईअड्डे पर उतरा। एसटीआईसी समूह की निदेशक अंजू वरिया ने कहा, उड़ान में 182 भारतीय नागरिक थे और उनमें से अधिकांश छात्र थे। कुछ और उड़ानें निर्धारित की गई हैं।

एयर इंडिया की गुरुवार की उड़ान पूर्वी यूरोपीय राष्ट्र से भारतीयों को वापस लाने के लिए दूसरी उड़ान होने वाली थी। 22 फरवरी को संचालित पहली उड़ान से लगभग 240 लोगों को वापस लाया। 19 फरवरी को एयर इंडिया ने घोषणा की कि वह 22, 24 और 26 फरवरी को भारत और यूक्रेन के बीच तीन उड़ानें संचालित करेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!